राष्ट्रीय

देश की राजधानी की बढ़ेगी रफ्तार, जल्द मिलेंगी 2800 ई-बसें, यात्रियों का घटेगा वेटिंग टाइम

नई दिल्ली: दिल्ली सार्वजनिक परिवहन में इलेक्ट्रिक बसों के मामले में देश की राजधानी सबसे अग्रणी बन चुकी है। अब राजधानी में 2800 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने वाली हैं, जो पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत इस साल विभिन्न चरणों में परिचालन में आ जाएंगी। इसके बाद दिल्ली की बसों की कुल संख्या लगभग 9000 तक पहुंच जाएगी और यात्रियों का वेटिंग टाइम भी कम होगा।

हाल में दिल्ली के बेड़े में शामिल हुईं 300 नई इलेक्ट्रिक बसें
हाल ही में दिल्ली के बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गईं, जिससे कुल बसों की संख्या 6100 हो गई है। इसमें से 4338 बसें पहले से ही इलेक्ट्रिक हैं। परिवहन विभाग के अनुसार, पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत 2800 नई बसों की डिमांड केंद्र सरकार को पहले ही भेज दी गई थी। इनमें से 1380 बसें डीटीसी को और 1420 बसें दिल्ली परिवहन विभाग को प्राप्त होंगी। नई बसों में 12 मीटर लंबी बसें मुख्य मार्गों पर और 9 मीटर तथा 7 मीटर लंबी बसें संकरे मार्गों पर चलेंगी। इसका उद्देश्य यात्रियों के लिए सफर को और सुविधाजनक बनाना है।

इसके अलावा, दिल्ली सरकार ने केंद्र को 3330 और इलेक्ट्रिक बसों की डिमांड भी भेजी है, जो अगले साल उपलब्ध हो सकती हैं। आगामी दो साल में दिल्ली को कुल 6130 नई इलेक्ट्रिक बसों की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य 2029 तक पूरे बेड़े को 12 हजार इलेक्ट्रिक बसों तक बढ़ाना और सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह हरित करना है।

10 मिनट से भी कम हो जाएगा वेटिंग टाइम
वर्तमान में दिल्ली में करीब 6100 बसें हैं, जिनमें से 95 प्रतिशत रोजाना परिचालन में रहती हैं। वहीं, यात्रियों की संख्या के अनुपात में करीब 11 हजार बसों की आवश्यकता है। इस वजह से यात्रियों को बस स्टॉप पर औसतन 30 मिनट तक बस का इंतजार करना पड़ता है। नई बसों के आने के बाद डीटीसी का लक्ष्य वेटिंग समय को औसतन 10 मिनट से भी कम करना और रूटों का पुनर्निर्धारण करना है। इस विस्तार से न केवल पर्यावरण को लाभ होगा, बल्कि दिल्लीवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन और भी तेज, सुविधाजनक और भरोसेमंद बन जाएगा।

Related Articles

Back to top button