राजनीतिराष्ट्रीय

वे वही काम कर रहे हैं जो उनकी दादी ने किया था…राहुल गांधी पर मनोज तिवारी का तंज

नई दिल्ली: चुनाव आयोग पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के दावों पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पलटवार किया है। भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी एक वंशानुगत नेता हैं। जिस वंश से वे आते हैं, उसने हमेशा तानाशाही की भाषा बोली है। यह भाषा धमकी भरी भी है, और चुनाव आयोग को इसका संज्ञान लेना चाहिए। उन्हें हमें बताना चाहिए कि किसका वोट गलत तरीके से हटाया गया। लेकिन अगर वे चाहते हैं कि अवैध घुसपैठिए अपना वोट डालें या मृत लोगों की जगह कोई और वोट डाले, तो वे वही काम कर रहे हैं जो उनकी दादी (इंदिरा गांधी) ने किया था – लोकतंत्र की हत्या…।

चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ को लेकर गंभीर आरोप लगाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भूपेन्द्र यादव ने कहा कि बहुत दिनों से हमारे देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक एटम बम छोड़ने की बात कर रहे थे। मुझे कल किसी मित्र ने कहा कि ये तो जिस पेड़ पर बैठे थे, उसी को कुल्हाड़ी से काटने का काम कर रहे थे। सच कहूं, तो कांग्रेस के युवराज और नेता प्रतिपक्ष की भाषा का जो अहंकार था, वो चुनाव आयोग के कर्मचारियों के लिए था।

भाजपा नेता ने सवाल किया कि क्या विपक्ष के किसी नेता को भारत के अधिकारियों के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए? और जब हमारे सशस्त्र बलों पर हमला करने की बात आती है, तो हमेशा राहुल गांधी ही आगे आते हैं। क्या देश की संवैधानिक संस्थाओं के कर्मचारियों के लिए ऐसी भाषा नेता प्रतिपक्ष को शोभा देती है। देश की सेना के गौरव पर सवाल उठाने वाले भी राहुल गांधी ही हैं। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर कांग्रेस के नेता सुप्रीम कोर्ट को ऊंचा-नीचा बोलने से नहीं चूकते।

भूपेन्द्र यादव ने कहा कि इस देश की आर्मी, चुनाव आयोग, संसद ये सब ऐसी संस्थाएं हैं, जो स्वायत्त और स्वाधीन होकर काम करती हैं। हम सब इसके द्वारा पूरी तरह नियंत्रित है। इसलिए कोई स्वतंत्र निकाय जब किसी भी राजनीतिक प्रोसेस को फॉलो करती है, तो उसे हम सभी को मानना चाहिए। क्योंकि, इन सभी संस्थाओं को संवैधानिक दर्जा देश के संविधान ने दिया है। अपना हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी ने तैयारी करके बहुत बड़ा झूठ बोला। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में 1 करोड़ वोट बढ़े।

Related Articles

Back to top button