दिल्ली में चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो नाबालिगों समेत तीन गिरफ्तार; बड़े राज होने वाले उजागर

पश्चिमी दिल्ली। द्वारका साउथ थाना पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली में सक्रिय एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में दो नाबालिग और एक वयस्क आरोपी रोहित उर्फ टमाटर को गिरफ्तार किया गया है। रोहित पहले से ही पालम थाने का घोषित अपराधी है और उस पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बरामद चोरी का सामान
पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से चोरी किया गया भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब दो लाख रुपये है। बरामद किए गए सामान में 09 किलो कापर वायर, कापर और पीतल के 229 छोटे-बड़े टुकड़े और एलपीजी गैस फिटिंग के विभिन्न उपकरण शामिल हैं।
कैसे पकड़े गए आरोपित
पुलिस के अनुसार, बीती 14 फरवरी को द्वारका साउथ इलाके के एक ऑफिस स्टोर की लोहे की ग्रिल तोड़कर सामान चोरी होने की सूचना मिली थी। शिकायत के बाद एसएचओ राजेश कुमार साह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान इलाके के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी जांच के बाद पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी बागडोला गांव में छिपा है। तुरंत छापामारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
जुर्म और नशे की साजिश
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए कीमती धातुएं और उपकरण चुराते थे। मुख्य आरोपी रोहित की गिरफ्तारी से पुलिस ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की वारदातों के सुलझने का दावा किया है। पुलिस अब जांच कर रही है कि चोरी का सामान किसे बेचा गया और क्या गिरोह में और लोग भी शामिल थे।



