टॉप न्यूज़राष्ट्रीय

आज पूर्व CM एसएम कृष्णा का अंतिम संस्कार, पैतृक गांव सोमनहल्ली ले जाया जा रहा पार्थिव शरीर

बेंगलुरु: आज यानी बुधवार 11 दिसंबर को कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व विदेश मंत्री एस एम कृष्णा का अंतिम संस्कार दोपहर उनके पैतृक गांव सोमनहल्ली में किया जाएगा। इस बाबत मांड्या जिले के प्रभारी मंत्री एन चालुवरायस्वामी ने जानकारी देता हुए कहा कि, मद्दुर तालुका के लोगों को अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिलेगा। सोमनहल्ली इसी तालुका में है।

वहीं आज कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक स्थान मद्दुर ले जाया जा रहा है। यहां उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। जानकारी दें कि, पूर्व मुख्यमंत्री कृष्णा का बीते मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद बेंगलुरु में निधन हो गया था। वहीं परिवार से जुड़े लोगों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से किया जाएगा। कृष्णा के परिवार में उनकी पत्नी प्रेमा कृष्णा और दो बेटियां- मालविका कृष्णा और शांभवी कृष्णा हैं।

इस बाबत परिवार के एक सदस्य ने बताया, ‘‘अंतिम संस्कार में चंदन की करीब 1000 किलोग्राम लकड़ी का इस्तेमाल किया जाएगा।” बेंगलुरु से सोमनहल्ली तक के पूरे मार्ग में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी मार्ग से कृष्णा का पार्थिव शरीर ले जाया जाएगा। गांव में भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। केंद्र में संप्रग सरकार के दौरान विदेश मंत्री तथा महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे कृष्णा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

जानकारी दें कि, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व विदेश मंत्री एस एम कृष्णा के निधन पर बीते 10 से 12 दिसंबर तक तीन दिवसीय राजकीय शोक है। इस अवधि के दौरान कोई भी आधिकारिक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा और सभी सरकारी भवनों में राष्ट्र ध्वज आधा झुका रहेगा। पता हो कि, कृष्णा 11 अक्टूबर 1999 से 28 मई 2004 तक (कांग्रेस से) कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में भी सेवाएं दीं और 2009 से 2012 तक मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान विदेश मंत्री थे।

Related Articles

Back to top button