कनाडा में उज्जैन के छात्र का अंतिम संस्कार होगा, हत्या के बाद परिवार ने सीएम मोहन से मांगी मदद

इंदौर में उज्जैन निवासी छात्र गुरकीरत सिंह की कनाडा में हत्या के बाद शोक का माहौल है। मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पीड़ित परिवार के घर पहुंचे, जहां उन्होंने स्वजन से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विदेश में पढ़ाई के दौरान हुई दर्दनाक घटना
जानकारी के अनुसार, उज्जैन की पार्श्वनाथ कॉलोनी निवासी व्यवसायी गुरजीत सिंह मनोचा के छोटे पुत्र गुरकीरत सिंह करीब सवा साल पहले कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन, ब्रिटिश कोलंबिया स्थित नॉर्थन लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट की पोस्ट डिग्री डिप्लोमा की पढ़ाई के लिए गए थे। 4 मार्च को वहां कुछ युवकों ने उन पर कार चढ़ाकर और मारपीट कर हत्या कर दी, जिससे परिवार और समाज में शोक की लहर फैल गई।
परिवार ने सरकार से मांगी आर्थिक और वीजा सहायता
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान गुरकीरत के पिता गुरजीत सिंह ने आवेदन सौंपकर आग्रह किया कि उनके पुत्र का अंतिम संस्कार कनाडा में ही किया जाए। इसके लिए बड़े भाई प्रभकीरत सिंह और कजिन साहेब सिंह को तत्काल वीजा दिलाने के साथ ही यात्रा, अस्पताल और अन्य खर्चों के लिए करीब 50 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
सांसद ने भी जताई संवेदना
इस दौरान सांसद अनिल फिरोजिया भी मनोचा परिवार के निवास पहुंचे। उन्होंने गुरकीरत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
प्रक्रिया लंबी और खर्चीली होने से बदला फैसला
परिवार ने पहले गुरकीरत का पार्थिव शरीर उज्जैन लाकर अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया था। लेकिन इस प्रक्रिया में करीब तीन सप्ताह का समय और लगभग 35 लाख रुपये का खर्च आने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने निर्णय बदल दिया। इसके अतिरिक्त करीब 10 लाख रुपये और दो सप्ताह का समय लगने की संभावना को देखते हुए अब परिवार ने कनाडा में ही अंतिम संस्कार कर अस्थियां उज्जैन लाने का फैसला किया है।



