राष्ट्रीय

‘एकजुट NDA, एकजुट Bihar…’, PM मोदी ने बिहार के लिए दिया नारा, कहा- हर बूथ कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए हर घर जाने को कहा और “एकजुट एनडीए, एकजुट बिहार – इससे बनेगी सुशासन की सरकार” का नारा दिया।

‘नमो ऐप’ के माध्यम से BJP कार्यकर्ताओं के साथ किया संवाद
चुनावी राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ‘नमो ऐप’ के माध्यम से संवाद करते हुए, प्रधानमंत्री ने पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर मतदान केंद्र (बूथ) पर ध्यान देने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक परिवार को उन्हें उपलब्ध सरकारी लाभों के बारे में बताने के लिए प्रोत्साहित किया।

“कार्यकर्ता जनता के साथ सरकारी योजनाओं के वीडियो साझा करें”
मोदी ने कार्यकर्ताओं का भोजपुरी में अभिवादन करने के बाद कहा, “जब हर बूथ मजबूत होता है, तभी पार्टी जीतती है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि “हर बूथ कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में मोदी है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं के बारे में मतदाताओं को उनकी ओर से गारंटी देने को कहा। उन्होंने कहा, “बिहार के बूथ कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्रों के परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के वीडियो भी दिखाने और साझा करने चाहिए।”

मोदी ने “एकजुट एनडीए, एकजुट बिहार – इससे बनेगी सुशासन की सरकार” का नारा दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 14 नवंबर को राजग (एनडीए) की जीत के बाद एक और दिवाली सुनिश्चित करने में बिहार की माताएं और बहनें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि बिहार की सभी बहनों और माताओं को समूह में मतदान करने जाना चाहिए, गीत गाना चाहिए, थाली बजाकर लोकतंत्र का उत्सव मनाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने बिहार में भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं से कहा कि वे 23 अक्टूबर को भाई दूज पर अपने बूथ की सभी बहनों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करें।

Related Articles

Back to top button