
UP Weather Alert: यूपी में अगले 48 घंटे में बदलेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश और कई जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक बादल और बारिश की गतिविधियों के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में आने वाले चार दिनों के दौरान करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं 15 से 17 मार्च के बीच न्यूनतम तापमान में भी लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
15-16 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च के लिए पूर्वांचल और बुंदेलखंड के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 15 और 16 मार्च को हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं, जिससे फसलों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मार्च को देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
इनमें देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थ नगर समेत आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना अधिक बताई गई है।
17 मार्च तक कई जिलों में बना रहेगा खराब मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 16 और 17 मार्च को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। खासकर गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती में ओले गिरने की संभावना अधिक बताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।



