उत्तर प्रदेशराज्य

UP Weather: यूपी में एक तरफ बारिश और ओले, दूसरी तरफ मौसम विभाग ने दी राहत की खबर

यूपी में एक तरफ कई शहरों में बारिश हुई और ओले गिरे। 20 शहरों में घना कोहरा भी छाया रहा। दूसरी तरफ मौसम विभाग ने राहत की भी खबर दी है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू हो जाने से फिलहाल दो दिन भीषण सर्दी से थोड़ी राहत रहेगी। शुक्रवार सुबह मथुरा में तेज बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओले गिरने से मौसम और सर्द हो गया। अलीगढ़ में रात का पारा 3.4 डिग्री तक नीचे आ गया।

आईएमडी लखनऊ के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और उससे सेटे पंजाब के ऊपर मध्य क्षोभमंडल पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से हरियाणा के ऊपर वायुमंडल पर चक्रवाती स्थिति बन गई। इसके प्रभाव से पश्चिमी यूपी में कहीं कहीं तेज बौछार पड़ी तो कहीं बूंदाबांदी हुई। इस वायुमंडलीय अस्थिरता से कोहरे की परत छंटने लगी है। साथ ही तापमान में भी थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। इससे प्रदेश में ज्यादातर जगहों पर शीत दिवस की स्थिति खत्म हो गई। इसके साथ ही अब 11 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने तथा कोहरे के घनत्व में धीरे धीरे कमी आने की उम्मीद है। साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।

वहीं रात की भीषण ठंड के मामले में प्रदेश के 4 शहरों में पारा 4.5 डिग्री या उससे नीचे रहा। अलीगढ़ में सबसे कम 3.4 डिग्री तापमान रहा, इसके बाद मेरठ में 4.3, फुरसतगंज में 4.4 और बाराबंकी, नजीबाबाद व बरेली में 4.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सबसे कम अधिकतम तापमान और गलन के मामले में बुलंदशहर सबसे सर्द रहा, जहां अधिकतम तापमान मात्र 14.0 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद फतेहगढ़ में 14.2, लखीमपुर खीरी में 15.0, मुरादाबाद में 15.0 और बरेली में भी 15.0 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं झांसी में रात और दिन दोनों समय सर्दी का प्रकोप ज्यादा रहा। वहां अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री कम रहा। रात के तापमान में सबसे बड़ी गिरावट अलीगढ़ में ही दर्ज की गई।

कई शहरों में दृश्यता शून्य तक पहुंची
बीते 24 घंटों के दौरान अलीगढ़, आगरा (आईएएफ), सरसावा (आईएएफ), बरेली, चित्रकूट, गोरखपुर (आईएएफ), प्रयागराज (आईएएफ), आजमगढ़ और कानपुर (आईएएफ) में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। फतेहपुर, सुलतानपुर, फतेहगढ़ में 20 से 30 मीटर के करीब दृश्यता रही। हिंडन, झांसी, मुजफ्फरनगर, आगरा, कुशीनगर, फुरसतगंज, लखनऊ एयरपोर्ट और गोरखपुर में दृश्यता 50 मीटर के आसपास दर्ज की गई।

सीजन की सबसे सर्द रात में ठिठुरा मुरादाबाद
मुरादाबाद में गुरुवार की आधी रात और शुक्रवार तड़के सबसे अधिक ठंड रही। यहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जोकि, वर्तमान सर्दी के सीजन में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

खिली धूप तो मिली राहत
प्रयागराज में कई दिनों से चल रही कड़ाके की ठंड से शुक्रवार को खिली धूप ने राहत दी। गुरुवार को जहां कंपकपी छूट रही थी, वहीं शुक्रवार को दिन चढ़ने से पहले सूरज निकल आया। कोहरा गायब हो गया।

लखनऊ और आसपास कड़ाके की सर्दी में जकड़ा
लखनऊ में बीती रात घना कोहरा रहा। तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। बलरामपुर में सुबह घना कोहरा छाया रहा। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप निकली लेकिन बर्फीली हवाएं चुभती रहीं। अधिकतम पारा एक डिग्री लुढ़ककर 15 व न्यूनतम पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गोण्डा में शुक्रवार दोपहर धूप निकली लेकिन लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली।

अम्बेडकरनगर में शुक्रवार को दिन में चटख धूप हुई। बहराइच में दोपहर बाद हल्की धूप निकली निकली पछुआ से वह बेअसर रहीं। श्रावस्ती में सुबह घना कोहरा छाया रहा। सर्द हवा तेज चलती रही। सीतापुर में गुरुवार को इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। रायबरेली में सुबह 11 बजे तक घने कोहरा रहा। बाराबंकी में शुक्रवार की भोर में भीषण कोहरा रहा। शीतलहर भी चलती रही।

Related Articles

Back to top button