UP Weather Today: लखनऊ समेत प्रदेश में 20 जनवरी से कोहरे में कमी, न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी

नई दिल्ली। पिछले तीन-चार दिनों से उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। राजधानी लखनऊ सहित पूर्वी यूपी और पश्चिमी जिलों में सुबह घने कोहरे की चादर नजर आई, लेकिन करीब 10:30 बजे धूप निकलने के बाद मौसम सामान्य हो गया।
लखनऊ और आसपास जिलों में कोहरे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन लखनऊ और आस-पास के जिलों में घना कोहरा बने रहने की संभावना है। हालांकि, इस दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 और 23 जनवरी को छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं मध्य और पूर्वी यूपी में 20 जनवरी से कोहरे का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने लगेगा।
प्रदेश में सबसे ठंडे जिले
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शनिवार को बाराबंकी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरदोई में 3.6 डिग्री जबकि लखनऊ में 4.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। अन्य ठंडे जिलों में बरेली 4.2, मुजफ्फरनगर 4.4, अयोध्या 4.5 और कानपुर 4.8 डिग्री तापमान के साथ शामिल हैं।
न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी
पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात के तापमान में गिरावट देखी गई थी, लेकिन अब शीतलहर और ठंड का असर कम होने लगेगा। 20 जनवरी के बाद प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक वृद्धि के आसार हैं। अधिकांश जिलों में दिन के समय कोहरा छंटने से मौसम सामान्य रहेगा, जबकि सुबह 10 बजे तक गलन का असर रह सकता है।



