यूपी की पुरुष आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स टीम ने जीता रजत, एथलीट दीपांशी को कांसा

लखनऊ : उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश के लिए पुरुष आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स टीम ने रजत व एथलेटिक्स में दीपांशी सिंह ने कांस्य पदक पदक जीता। देहरादून में शनिवार रात को पुरुष आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स टीम फाइनल में उत्तर प्रदेश संघर्षपूर्ण मुकाबले के बाद 212.30 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा। उत्तर प्रदेश टीम में शामिल अभिजीत कुमार, आदित्य सिंह राणा, आशीष कुमार, प्रणव कुशवाहा, सिद्धार्थ वर्मा की टीम ने कोच अंकित त्रिपाठी के मार्गदर्शन में शानदार प्रदर्शन किया।
जिम्नास्टिक के विजेताओं को उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए आगामी स्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए आर्शीवाद दिया। इस स्पर्धा में सर्विसेज की टीम ने 214.90 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि जबकि हरियाणा की टीम 204.90 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही। दूसरी ओर देहरादून में हुई एथलेटिक्स की स्पर्धाओं में रविवार को महिला लंबी कूद में दीपांशी सिंह ने 6.11 मी.की जंप के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा का स्वर्ण पश्चिम बंगाल की मौमिता मंडल ने 6.21 मी. की जंप के साथ और रजत केरल की सांद्रा बाबू ने 6.12 मी. की जंप के साथ जीता। राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश ने अब तक 10 स्वर्ण, 11 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 30 पदक अपने नाम किए हैं और पदक तालिका में 11वें स्थान पर चल रहा है।