टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

PM मोदी की राजकीय यात्रा के बाद अमेरिका ने तस्करी की गई 105 कलाकृतियां भारत को वापस लौटाई

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जून में संयुक्त राज्य अमेरिका की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के बाद अमेरिका ने सोमवार को तस्करी की गई 105 कलाकृतियां भारत को वापस लौटाने का ऐलान किया है। न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास में अमेरिका की ओर से सौंपे गए 105 तस्करी वाले पुरावशेषों के लिए आज एक प्रत्यावर्तन समारोह आयोजित किया गया था।

संयुक्त राज्य अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने अमेरिकी पक्ष, विशेष रूप से मैनहट्टन जिला अटॉर्नी, एल्विन ब्रैग और उनकी तस्करी विरोधी इकाई और होमलैंड सुरक्षा जांच टीम को उनके शानदार सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। संधू ने कहा कि भारत के लोगों के लिए, ये सिर्फ कला के टुकड़े नहीं बल्कि उनकी जीवित विरासत और संस्कृति का हिस्सा थे।

गौरतलब है कि 105 कलाकृतियों को तस्करों ने भारत के कई हिस्सों से चुराया था। इसमें 47 पूर्वी भारत से, 27 दक्षिण भारत से, 22 मध्य भारत से, 6 उत्तरी भारत से और 3 पश्चिमी भारत से हैं। यह कलाकृतियां दूसरी-तीसरी शताब्दी से 18वीं शताब्दी तक की अवधि की हैं। कई कलाकृतियां 19वीं शताब्दी की भी हैं। यह कलाकृतियां टेरीकोटा, पत्थर, मेटल, लकड़ी से बनी हैं। लगभग 50 कलाकृतियां धार्मिक विषयों (हिंदू धर्म, जैन धर्म और इस्लाम) से संबंधित हैं और बाकी सांस्कृतिक महत्व की हैं।

अमेरिका 2016 से अब तक भारत को कुल 278 सांस्कृतिक कलाकृतियां सौंप चुका है। अमेरिका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2016 की अमेरिका यात्रा के दौरान 16 प्राचीन वस्तुएं भारत को सौंपी थी। जबकि, 2021 में 157 कलाकृतियां सौंपी थी।

Related Articles

Back to top button