उत्तराखंडटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराज्य

लालजी टंडन के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और विस अध्यक्ष ने जताया शोक

देहरादून(एजेंसी): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है।

अपने शोक संदेश में त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा, “मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन का समाचार सुनकर बहुत दुःख हुआ। स्वर्गीय टंडन का पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। वे राजनीति के एक स्तम्भ थे। वे कुशल प्रशासक और राजनेता थे। उन्होंने भाजपा को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर, दिवंगत आत्मा को शांति व शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करे।!!ॐ शांति शांति शांति!!”

उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने अपने संदेश में कहा, “मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन का समाचार पाकर अत्यंत दुःख हुआ। स्वर्गीय टंडन एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि, कुशल प्रशासक और संवेदनशील समाजसेवी थे। उनके निधन से राष्ट्र और समाज को अपूरणीय क्षति पहुंची है। प्रभु उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिजनों को इस दुःख को सहने की क्षमता प्रदान करें।”

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने शोक संदेश में कहा, “लालजी टंडन के निधन के चलते देश ने एक लोकप्रिय नेता, योग्य प्रशासक और प्रखर समाजसेवी को खोया है। लालजी टंडन को समाज की सेवा के उनके अथक प्रयासों के लिए एवं उत्तर प्रदेश की एक कद्दावर शख़्सियत के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।” अग्रवाल ने ईश्वर से उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के लिए संवेदना जाहिर की है।

मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का आज सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। कुछ समय पहले अस्वस्थ होने पर उन्हें यहां भर्ती कराया गया था।

Related Articles

Back to top button