देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है और तेज धूप के कारण दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। लगातार तीसरे दिन ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया है, जिससे चारधाम, हेमकुंड साहिब और औली समेत कई प्रमुख पर्वतीय क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए हैं।
दिन में धूप, शाम होते ही लौटी ठंड
देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह से ही तेज धूप खिली रही, जिसके चलते दोपहर के समय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि, शाम ढलते ही हवाएं चलने लगीं, जिससे ठंडक फिर लौट आई। रात के समय तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठिठुरन बढ़ गई।
पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की मार
एक ओर जहां पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण ठंड और बढ़ गई है, वहीं दूसरी ओर मैदानी जिलों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। खासतौर पर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कई स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कम हो रही है। इसका सीधा असर सुबह के समय सड़क यातायात पर पड़ रहा है।
पांच जिलों में घने कोहरे की चेतावनी, यलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज भी राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। हालांकि, कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई है। वहीं, पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।




