राष्ट्रीय

असम, केरल और पुदुचेरी में आज वोटिंग, सियासी मुकाबले पर देशभर की नजर; 4 मई को आएंगे नतीजे

देश के तीन अहम राज्यों—असम, केरल और पुदुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इन राज्यों में सत्ता पक्ष अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश में जुटा है, जबकि विपक्ष वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है। तीनों ही राज्यों में इस बार कड़ा और दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

असम में बीजेपी की लगातार तीसरी जीत का लक्ष्य
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। यहां मुख्य मुकाबला बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बीच है। बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में है, जबकि कांग्रेस 2016 के बाद सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है।

राज्य में कुल 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई, नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल और अखिल गोगोई जैसे प्रमुख चेहरे शामिल हैं।

करीब 2.50 करोड़ मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें 1.25 करोड़ महिलाएं और 318 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। राज्य के 35 जिलों में 31,490 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निष्पक्ष मतदान के लिए सभी बूथों पर वेबकास्टिंग और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।

केरल में एलडीएफ बनाम यूडीएफ की सीधी टक्कर
केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान हो रहा है। यहां कुल 2.71 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। राज्य में कुल 883 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मुख्य मुकाबला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के बीच माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के नेतृत्व में एलडीएफ लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है। वहीं यूडीएफ सरकार विरोधी माहौल और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में उतरा है। बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।

पुदुचेरी में NDA और कांग्रेस गठबंधन आमने-सामने
पुदुचेरी में भी आज मतदान हो रहा है, जहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस और उसके सहयोगियों तथा बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के बीच है। छोटे राज्य होने के बावजूद यहां की राजनीतिक तस्वीर काफी अहम मानी जा रही है।

सत्ताधारी एनडीए में एआईएनआरसी 16 सीटों पर, बीजेपी 10 सीटों पर और एआईएडीएमके व एलजेपी 2-2 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस 16, डीएमके 13 और वीसीके 1 सीट पर मैदान में है।

मतदाताओं के फैसले पर टिकी सबकी नजर
तीनों राज्यों में आज होने वाला मतदान तय करेगा कि सत्ता में कौन बरकरार रहेगा और किसे जनता बदलाव का मौका देगी। अब सभी की निगाहें 4 मई को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं, जो इन राज्यों की राजनीतिक दिशा तय करेंगे।

Related Articles

Back to top button