पंजाब

ब्यास दरिया में बढ़ा जलस्तर, दर्जन से अधिक गांवों में घुसा पानी

तरनतारन: ब्यास दरिया में पानी का स्तर बढ़ने के कारण विधानसभा हलका खडूर साहिब के अधीन आते दर्जन से अधिक गांवों को भारी नुक्सान पहुंचा है। लोगों के घरों में पानी दाखिल होने के कारण प्रशासन द्वारा बचाव कार्य के लिए एन.डी.आर.एफ. टीम की मदद ली जा रही है। गौरतलब है कि प्रशासन द्वारा पानी की चपेट में फंसे 31 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि पानी की चपेट में आए पशुओं के लिए चारा उपलब्ध करवाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार विधानसभा हलका खडूर साहिब के अधीन आते गांव धूंदा, कलेर, खेले, भैल, जौहल, मुंडापिंड, गुज्जरपुरा, घड़का, चंबा, करमूवाला सभी पानी की चपेट में आ चुके हैं। दरिया नजदीक स्थित इन गांवों के कुछ लोगों द्वारा दरिया किनारे अपने घर बनाए गए हैं। जहां 10 से 15 फुट तक पानी आ चुका है। इस आपदा के कारण लोगों में काफी डर पाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा सतर्क होते हुए एन.डी.आर.एफ. की टीम को मौके पर बुलाकर राहत कार्य शुरु किया गया। इनके द्वारा रेस्क्यू करते हुए करीब 3 दर्जन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि 2 दर्जन से अधिक पशु अब भी पानी की चपेट में फंसे हैं। पानी का स्तर बढ़ता देख कर विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के नेताओं द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से पीड़ित लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

उधर, एस.डी.एम. खडूर साहिब दीपक भाटिया ने बताया कि पीड़ित लोगों की मदद के लिए एन.डी.आर.एफ. की 25 मैंबरी टीम द्वारा 31 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनके रहने व खाने-पीने के लिए पूरा इंतजाम किया गया है। प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की जा रही है कि वह अपने घर छोड़ कर सुरक्षित स्थानों पर जाकर रहें। प्रशासन पीड़ित लोगों की मदद के लिए हर समय तैयार है।

Related Articles

Back to top button