बिहार

‘हम भाग नहीं रहे, आप ही हमारे बीच हैं’: सीएम नीतीश का सहरसा में जनसंवाद में महिलाओं को संदेश

सहरसा/खगड़िया। समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सहरसा और खगड़िया में जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया। सहरसा स्टेडियम में सभा के दौरान कुछ महिलाओं को बाहर जाते देख मुख्यमंत्री ने कहा, “अरे हम भाग नहीं रहे हैं, आप ही के बीच हैं। पहले वाला कुछ किया था? अभी हम बताएंगे कि बिहार में और क्या-क्या काम होगा, उसको सुनिए।”

खगड़िया में जनसभा और उपमुख्यमंत्री के साथ संवाद
खगड़िया में सभा के समापन पर मुख्यमंत्री ने लोगों से रुकने का आग्रह किया और पास खड़े उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हाथ पकड़कर अभिवादन किया। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में एनडीए की अगली सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही काम करेगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने बिहार के विकास में हर क्षेत्र—शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोजगार—में सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार काफी पिछड़ा हुआ था और अब प्रगति की नई राह पर है।

सहरसा में नई परियोजनाएं और मेडिकल कॉलेज
सीएम नीतीश ने सहरसा में शीघ्र मेडिकल कॉलेज स्थापना का एलान किया। प्रगति यात्रा में किए गए घोषणाओं के तहत ओवरब्रिज निर्माण कार्य जारी है, तिलावे नदी की उड़ाही का कार्य जल्द पूरा होगा। जिले के 201 गांवों में दूध उत्पादन केंद्र और सभी 141 पंचायतों में सुधा दूध के केंद्र बनाए जाएंगे। जिले के दस प्रखंडों में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज की स्थापना होगी, जबकि जिला मुख्यालय में खेल का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कोसी क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

खगड़िया में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और विकास योजनाएं
खगड़िया जिला मुख्यालय के संसारपुर मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी। साथ ही जिले में 304 करोड़ रुपये की लागत से 319 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने सदत जीविकोपार्जन योजना के तहत 1245 परिवारों को दूसरे किश्त के रूप में चार करोड़ 58 लाख रुपये का सांकेतिक चेक वितरित किया।

Related Articles

Back to top button