उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की चेतावनी जारी की है, जिसके चलते अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार से मौसम में बदलाव शुरू होगा और 1, 2 व 3 फरवरी को अधिकांश जनपदों में वर्षा दर्ज की जा सकती है। इस दौरान ठंड में इजाफा होना तय माना जा रहा है।
गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का भी अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कई इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी और ठिठुरन बढ़ेगी।
हल्द्वानी में बादलों की आवाजाही, तापमान में गिरावट के संकेत
हल्द्वानी में शुक्रवार को सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही। धूप का असर बीते दिनों की तुलना में कमजोर नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले तीन दिनों में बारिश के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
नैनीताल में धूप से मिली राहत, अब बारिश की तैयारी
सरोवर नगरी नैनीताल में शुक्रवार को दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे दोपहर के समय मौसम गुनगुना बना रहा। हालांकि सुबह और शाम ठंडक का अहसास होता रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 1 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर 3 फरवरी तक बना रहेगा। इस दौरान नैनीताल में भी बारिश की संभावना जताई गई है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र नैनीताल के अनुसार शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।




