उत्तराखंड

Weather Update: दो दिन बाद उत्तराखंड में दस्तक देगा नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, बारिश-बर्फबारी की उम्मीद फिलहाल बेकार

नैनीताल। उत्तराखंड में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से राहत भरे रहने वाले हैं। दो दिन बाद सक्रिय होने जा रहा नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के मौसम पर खास असर नहीं डाल पाएगा। खासतौर पर नैनीताल में इसका प्रभाव केवल बादलों तक ही सीमित रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन का असर अब साफ तौर पर पहाड़ी इलाकों के मौसम में दिखाई देने लगा है।

नैनीताल में नहीं दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर

आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वरिष्ठ वायुमंडलीय विज्ञानी डॉ. नरेंद्र सिंह के अनुसार जलवायु परिवर्तन के चलते मौसम के पैटर्न में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार से प्रदेश में सक्रिय होने जा रहा पश्चिमी विक्षोभ नैनीताल को प्रभावित नहीं करेगा। ऐसे में यहां न तो बारिश की संभावना है और न ही बर्फबारी की कोई उम्मीद की जा सकती है।

कमजोर रहेगा पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग के मुताबिक यह पश्चिमी विक्षोभ कमजोर है। इसके प्रभाव से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान कम होने के कारण हल्की बर्फबारी की संभावना जरूर जताई गई है, लेकिन इसका असर भी सीमित रहेगा। यह विक्षोभ बुधवार तक सक्रिय रहेगा।

अगले सिस्टम पर टिकी नजर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर रहने के चलते प्रदेश में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। अब निगाहें इसके बाद आने वाले अगले पश्चिमी विक्षोभ पर टिकी हैं, जो संभवतः बारिश और बर्फबारी को लेकर ज्यादा प्रभावी साबित हो सकता है।

प्रदेश में मौसम का हाल

बागेश्वर में सुबह के समय कोहरा छाया रहा।
नैनीताल में हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही।
पिथौरागढ़ में भी हल्के बादलों के बीच धूप निकली।
रुद्रपुर में कोहरे का असर देखने को मिला।
रानीखेत और आसपास के इलाकों में धूप खिली रही।

नैनीताल में मस्त रहा मौसम

सरोवर नगरी नैनीताल में शुक्रवार को मौसम पूरी तरह खुशनुमा बना रहा। पूरे दिन तेज धूप खिली रही और तापमान में उछाल के चलते ठंड का अहसास कम हो गया। आसमान पूरी तरह साफ रहा और नीला नजर आया। इस दौरान विभिन्न शहरों से घूमने पहुंचे सैलानियों ने मौसम का भरपूर आनंद लिया और पर्यटन स्थलों की सैर की। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वीकेंड पर पर्यटकों की आमद सामान्य

नैनीताल में इस वीकेंड पर पर्यटकों की आमद सामान्य रही। गणतंत्र दिवस के मौके पर दो दिन के वीकेंड में शहर में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली थी और होटल व गेस्ट हाउस लगभग पैक रहे थे। हालांकि इस वीकेंड पर होटलों में केवल 10 से 30 प्रतिशत तक ही कमरे बुक हुए हैं। गेस्ट हाउस संचालक राज कुंवर सहित अन्य का कहना है कि शनिवार को पर्यटकों की संख्या में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है।


Related Articles

Back to top button