Weather Update: अगले 24 घंटे में बदलेंगे मौसम के तेवर, 10 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड

देश में शीतलहर और घने कोहरे का असर जारी है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में बड़े बदलाव की चेतावनी दी है। कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, जिसके बाद 2 से 3 दिन तक तापमान में गिरावट के साथ कड़ाके की ठंड लौट सकती है। वहीं, उत्तर भारत के 26 जिलों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी प्रभावित होने की आशंका है, इसलिए सुबह और देर रात यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
10 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 24 जनवरी के बीच देश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। जिन राज्यों में बारिश का अलर्ट है, वे हैं: उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान। 24 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं (30-50 किमी/घंटा) के बीच बारिश होने की आशंका है।
इसके अलावा 21 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 22 से 26 जनवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश का खतरा भी बना हुआ है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
दिल्ली में मौसम का क्या होगा हाल?
दिल्ली में 48 घंटे बाद मौसम फिर बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहना होगा। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



