उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी में फ‍िर बदलेगा मौसम, लखनऊ समेत 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

लखनऊ। कई जिलों में शीत दिवस का दौर जारी है। आगामी 72 घंटों में लखनऊ समेत प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम में फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पिछले दो-तीन दिन से अधिकतम पारा में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। मंगलवार को राजधानी में धूप नहीं निकली, जिसकी वजह से दिन का तापमान करीब छह डिग्री गिरावट के साथ 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम पारा सात डिग्री पहुंच गया।

दिन और रात के तापमान में बड़ी गिरावट से राज्य के अधिकांश हिस्सों में शाम से लेकर सुबह तक कड़ाके की ठंड का असर रहा, लेकिन कई जिलों में कोहरे में कमी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक यही स्थिति रहने के पूर्वानुमान हैं। हालांकि, बुधवार को लखनऊ और आसपास सहित 30 जिलों में घना कोहरा का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वांचल के कई जिलों में अत्याधिक घना कोहरा का असर गुरुवार को भी रहेगा।

क्यों बदला मौसम?
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, दो दिन पहले पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जिसका असर अब मैदानी इलाकों में होने लगा है। बर्फबारी के बाद पहाड़ों से ठंडी और शुष्क पछुआ हवा यूपी में भी चल रही है। इसी की वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ग्रामीण इलाकों में लोगों को ज्यादा सर्दी का सामना करना पड़ रहा है।

इटावा में लगातार दूसरी रात सबसे ठंडी
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौजूदा सप्ताह में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन दिन के पारा में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। सुबह-शाम की ठंड का असर बना रहेगा।

सोमवार के बाद मंगलवार को भी इटावा में लगातार दूसरी रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम पारा 2.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि गोरखपुर में 4.5, कानपुर नगर 4.6 और आजमगढ़ में 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 20 से अधिक जिलों में दिन का तापमान 15 या 15 से नीचे पहुंच गया।

Related Articles

Back to top button