Dhurandhar 2 देखकर क्या बोलीं आलिया भट्ट? रणवीर सिंह की फिल्म से बताया पसंदीदा सीन

आदित्य धर की निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर न केवल आम जनता, बल्कि बॉलीवुड गलियारों में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ने के बाद अब सोशल मीडिया पर फिल्मी सितारों के रिव्यूज की बाढ़ आ गई है। इसी कड़ी में आलिया भट्ट ने भी अपनी प्रतिक्रिया साझा की है, जिसमें उन्होंने फिल्म की जमकर सराहना करते हुए अपने पसंदीदा सीन का खुलासा किया है। फिल्म की कमाई जहां सिर्फ पांच दिनों में ही 700 करोड़ पहुंच गई है, वहीं दूसरी ओर फिल्मी सितारे इसकी तारीफ के पुल बांधते नहीं थम रहे हैं।
आलिया भट्ट ने ‘धुरंधर 2’ को बताया ऐतिहासिक
आलिया भट्ट सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर बेहतरीन सिनेमा को सपोर्ट करती नजर आती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने करीबी दोस्त रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ की प्रशंसा में एक भावुक पोस्ट साझा की। आलिया ने फिल्म का एक स्टिल शेयर करते हुए लिखा, ‘जकीरत सिंह रंगी, यह पल ही सब कुछ है। यह उस जादू को दर्शाता है जो तब होता है जब एक अभिनेता और निर्देशक पूरी तरह से एक लय में होते हैं। टीम धुरंधर को बहुत-बहुत बधाई; यह सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।’ आलिया की इस सराहना ने फिल्म की चर्चा को और बढ़ा दिया है।
फिल्म का वो सीन जिसने आलिया को रुला दिया
अपनी पोस्ट में आलिया ने उस खास दृश्य का जिक्र किया जिसने सिनेमाघरों में बैठे हर दर्शक की आंखों को नम कर दिया। इस सीन में रणवीर सिंह पगड़ी पहने हुए नजर आते हैं और उनकी आंखों में आंसू भरे होते हैं। कहानी के इस मोड़ पर ‘हमजा’ अपने परिवार के पास वापस लौटता है और एक बार फिर ‘जकीरत’ की पहचान अपना लेता है। हालांकि अपने परिवार को अपनी यादों से आगे बढ़कर खुशहाल जिंदगी जीते देख वह खुद को उनके पास जाने से रोक लेता है। यह मर्मस्पर्शी दृश्य आलिया भट्ट के दिल को छू गया और उन्होंने इसे अपना पसंदीदा सीन बताया।
बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का कोहराम
19 मार्च को रिलीज हुई ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह और सारा अर्जुन मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की स्टारकास्ट बेहद प्रभावशाली है, जिसमें अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, राकेश बेदी, आर. माधवन और मानव गोहिल जैसे दिग्गज कलाकार शामिल हैं। फिल्म ने अपने पहले ही दिन 102.55 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक कमाई कर सबको चौंका दिया था। फिल्म की सफलता का सिलसिला यहीं नहीं रुका, महज चार दिनों के भीतर इस स्पाई-थ्रिलर ने भारत में 450 करोड़ रुपये का विशाल आंकड़ा पार कर लिया है।
आलिया और रणवीर की ऑन-स्क्रीन बॉन्डिंग
गौरतलब है कि आलिया भट्ट और रणवीर सिंह की जोड़ी ‘गली बॉय’ और ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ जैसी फिल्मों में अपनी बेहतरीन केमिस्ट्री दिखा चुकी है। ऐसे में रणवीर के इस ‘धुरंधर’ अवतार पर आलिया की प्रतिक्रिया उनके बीच की गहरी दोस्ती और पेशेवर सम्मान को दर्शाती है। आलिया के इस रिव्यू के बाद फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है।



