राष्ट्रीय

क्यों खास रही 75वें गणतंत्र दिवस की ऐतिहासिक परेड, जानें 6 बड़ी बातें..

देहरादून (गौरव ममगाईं)। आज 26 जनवरी 2024 को देश का 75वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। वैसे तो भारत के गणतंत्र दिवस व स्वतंत्रता दिवस की हर परेड ही ऐतिहासिक रहती है, लेकिन इस गणतंत्र दिवस की परेड कई मायने में और भी खास बनी। आखिर ऐसा क्या खास रहा कि इस बार दुनिया की निगाहें भारतीय गणतंत्र दिवस की ऐतिहासिक परेड पर टिकी रहीं। चलिए जानते हैं ऐसी 6 खास बातें, जिनके कारण भारतीय गणतंत्र दिवस की ऐतिहासिक परेड ने दुनिया का ध्यान खींचा है..

नंबर 1- भारत-फ्रांस की दोस्ती का गवाह बना 75वां गणतंत्र दिवस

इस बार भारतीय गणतंत्र दिवस पर होने वाली ऐतिहासिक परेड में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। फ्रांसीसी राष्ट्रपति का इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होना भारत व फ्रांस के मजबूत रिश्ते को भी दर्शाता है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रो ने बड़े ही जोश एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम में शिरकत की। वे भारत की विकास यात्रा व सामर्थ्य को देख खासा प्रभावित हुए।

नंबर 2- फ्रांसीसी राफेल ने आसमान पर दिखाए करतब, रूसी सुखाई-30 भी खूब गरजा

फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने भारत को बेचे गए फ्रांसीसी राफेल लड़ाकू विमान का शक्ति प्रदर्शन भी देखा। खास बात ये थी कि भारत के शक्ति प्रदर्शन में एक तरफ फ्रांसीसी लड़ाकू विमान राफेल करतब दिखा रहे थे, तो दूसरी ओर फ्रांस व अमेरिका के धुर-विरोधी रूस के लड़ाकू विमान सुखाई-30 भी आसमान में खूब गरज रहे थे। बता दें कि रूस, भारत का सबसे बड़ा रक्षा साझेदार है, जबकि पिछले 5-6 वर्षों में भारत ने फ्रांस के साथ भी रक्षा संबंध मजबूत किए हैं।

नंबर 3- भारत ने चीन को भी कड़ा संदेश दिया

दरअसल, गणतंत्र दिवस की परेड में इस बार राज्यों की झांकियों में पहले स्थान पर अरूणाचल प्रदेश की झांकी को स्थान दिया गया। अरूणाचल प्रदेश को सबसे ज्यादा महत्त्व देकर भारत ने चीन को भी कड़ा संदेश दिया है। भारत के कदम से भी चीन बौखला सकता है, क्योंकि वह हमेशा से अरूणाचल प्रदेश पर अपना दावा करता आया है। जबकि, भारत, चीन को दो टूक कहता रहा है कि अरूणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है।

नंबर 4- दुनिया ने देखी भारत की मातृशक्ति की ताकत

इस बार की ऐतिहासिक परेड में मातृशक्ति की मुख्य भागीदारी देखने को मिली। जल, नभ, अंतरिक्ष में भारतीय महिलाओं की ताकत से दुनिया भी वाकिफ हुई। आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास यात्रा का भी श्रेय महिलाओं को दिया।

नंबर 5- फ्रांसी राष्ट्रपति मैक्रो ने किए राम लला के दर्शन

जी हां, उत्तर-प्रदेश की राम लला पर केंद्रित झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें धनुष थामे बड़े से राम लला को दर्शाया गया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर व मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भी उत्साह एवं उमंग देखने को मिला। इस दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो ने भगवान राम के दर्शन भी किए। वे इसके बारे में जानकारी लेते भी नजर आए।

नंबर 6- फ्रांसीसी सेना की टुकड़ी व बैंड ने भी लिया हिस्सा

भारत के गणतंत्र दिवस की ऐतिहासिक परेड भारत-फ्रांस की दोस्ती की गवाह भी बनी। परेड में फ्रांसीसी सेना ने हिस्सा लेकर भारत-फ्रांस के मित्रतापूर्ण संबंधों को भी दुनिया के सामने बयां किया। भारत की ऐतिहासिक परेड में अपनी सेनाओं को देखकर फ्रांसीसी राष्ट्रपति भी बेहद उत्साहित दिखे ।

  ये मुख्य बातें रहीं, जिसने इस बार ऐतिहासिक परेड को और भी खास बनाया। इस ऐतिहासिक परेड के जरिए दुनिया के कई देश भारत-फ्रांस की दोस्ती को भी परखना चाहते थे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो के बीच भी जबरदस्त कैमिस्ट्री देखने को मिलती रही। कई मौकों पर इमैनुएल मैक्रो पीएम मोदी से गले मिलते हुए नजर आए। इस ऐतिहासिक परेड ने भारत-फ्रांस को एक-दूसरे के और करीब लाने का काम किया है।

Related Articles

Back to top button