Women Agniveer Bharti 2026: इंडियन आर्मी ने महिला अग्निवीर भर्ती का किया ऐलान, यूपी और उत्तराखंड की लड़कियों को बड़ा मौका

इंडियन आर्मी में देशसेवा का सपना देख रही महिला उम्मीदवारों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय सेना ने महिला मिलिट्री पुलिस विंग के तहत अग्निवीर मिलिट्री पुलिस रैली भर्ती 2026 की घोषणा कर दी है। यह भर्ती रैली लखनऊ कैंट स्थित एएमसी सेंटर एंड कॉलेज के एएमसी स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की महिला अभ्यर्थियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।
शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी
जुलाई 2025 में आयोजित कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) में शामिल महिला उम्मीदवारों के लिए इंडियन आर्मी ने नए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए चयनित उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड उनके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजे गए हैं। अभ्यर्थी अपने ईमेल के जरिए एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकती हैं। रैली भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से कुल 1000 महिला उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
सुबह 4 बजे रिपोर्टिंग अनिवार्य
रैली भर्ती में शामिल होने वाली सभी महिला उम्मीदवारों को निर्धारित भर्ती केंद्र पर सुबह 4 बजे रिपोर्ट करना होगा। उम्मीदवारों को अपने साथ एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और सभी जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रति लाना अनिवार्य होगा, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन समय पर किया जा सके।
18 फरवरी 2026 को होगी रैली भर्ती
रिक्रूटिंग जोन उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के अंतर्गत रिक्रूटिंग ऑफिस (हेडक्वार्टर), लखनऊ की ओर से इस अग्निवीर महिला रैली भर्ती का आयोजन 18 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
फिजिकल की तैयारी तेज करने की सलाह
सेना की ओर से सभी महिला उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे चयन की संभावना बढ़ाने के लिए अभी से फिजिकल टेस्ट की तैयारी शुरू कर दें। साथ ही अभ्यर्थियों को सतर्क रहने और किसी भी दलाल या गलत तरीके से बचने की हिदायत दी गई है। इंडियन आर्मी ने साफ किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होती है, जिसका उद्देश्य सशस्त्र बलों के लिए सबसे योग्य उम्मीदवारों का चयन करना है। भर्ती से जुड़ी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी रिक्रूटिंग ऑफिस (हेडक्वार्टर), लखनऊ से संपर्क कर सकती हैं।



