उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराज्यलखनऊ

यूपी का नव-निर्माण करेंगे प्रदेश में आए कामगार: योगी आदित्यनाथ

कहा, यूपी में उपलब्ध मानव संसाधन है उद्योग जगत की रीढ़

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि मानव संसाधन उद्योग जगत की रीढ़ होता है। यही रीढ़ अब बड़ी संख्या में श्रमिकों और कामगारों के रूप में के रूप में प्रदेश में उपलब्ध है। इन्ही श्रमिकों और कामगारों ने अपने पसीने से अबतक समाज व राष्ट्र का निर्माण किया है। प्रदेश में आये कामगारों और श्रमिकों के श्रम से अब उत्तर प्रदेश का नव-निर्माण होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने औद्योगिक विकास विभाग तथा एमएसएमई विभाग को श्रमिकों को रोजगार देने के सम्बन्ध में सभी सम्भावनाएं तलाशने के निर्देश देते हुए कहा कि औद्योगिक इकाइयों तथा सेवा प्रदाता संगठनों को मैन पावर आपूर्ति के सम्बन्ध में एक एप विकसित किया जाए।

श्रमिकों को बीमा कवर अवश्य उपलब्ध हो: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि श्रमिकों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा की दिशा में भी कार्य किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि इन्हें बीमा कवर अवश्य उपलब्ध हो। केन्द्र व राज्य सरकार की विकास योजनाओं को तेजी से संचालित करते हुए श्रमिकों को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराये जाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी कोविड चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाये रखने तथा अस्पतालों में भर्ती रोगियों की लगातार मानीटरिंग करने की बात कही।

एक अदृश्य शत्रु के साथ युद्ध है कोरोना से जंग: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना के खिलाफ जंग एक अदृश्य शत्रु के साथ युद्ध बताया है। उनका कहना है कि जब तक इस महामारी के उपचार के लिए कोई कारगर दवा अथवा वैक्सीन विकसित नहीं हो जाती, तब तक कोरोना से बचाव ही इसका एक मात्र उपचार है। इसलिए लोगों को कोरोना के संक्रमण से सुरक्षित रहने के संबंध में जागरूक किया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इसके लिए विभिन्न संचार माध्यमों का उपयोग करते हुए जनता को कोविड-19 से बचाव तथा शरीर की प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि के उपाए बताये जाए। लोगों को अवगत कराया जाए कि प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के सम्बन्ध में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की एडवायजरी के अनुरूप आहार लें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन को यह भी बताया जाए कि इस रोग के लक्षणों को छिपाने से इसका उपचार सम्भव नहीं, इसलिए इसके लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करें। उन्होंने आरोग्य सेतु एप तथा ‘आयुष कवच-कोविड’ एप को डाउनलोड करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किये जाने के निर्देश भी दिये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए अनलॉक व्यवस्था के दौरान भी पूरे अनुशासन के साथ रहना आवश्यक है। इसलिए सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण पालन कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि लोग मास्क का अवश्य उपयोग करें। उन्होंने निर्देश दिये कि पुलिस बल सघन पेट्रोलिंग करते हुए कहीं भी भीड़ एकत्र न होने दे।

Related Articles

Back to top button