दिल्लीराज्य

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर घटा, अपने घरों की ओर लौटे लोग

नई दिल्ली: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर घटने लगा है। जलस्तर में कमी आने के बाद उत्तरी दिल्ली के लोग अपनी दुकानों और घरों की तरफ लौटने लगे हैं। ये लोग बाढ़ आने के कारण अपने घरों और दुकानों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए थे। कुछ लोग कश्मीरी गेट के पास मॉनेस्ट्री बाजार में अपनी दुकानों का जायजा लेने के लिए लौटे, जहां पिछले हफ्ते भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई थी और निवासियों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी थी। बाढ़ के कारण प्रशासन को आईटीओ बैराज के जाम हो चुके द्वारों को खोलने के लिए नौसेना की मदद लेनी पड़ी।

45 साल का रिकॉर्ड टूटा
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर तीन दिन पहले 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद शुक्रवार रात दस बजे घटकर 208.02 मीटर के स्तर पर आ गया. हालांकि, शहर के कई प्रमुख इलाके अब भी जलमग्न हैं. उधर, शुक्रवार देर रात दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने कहा कि सेना ने यमुना नदी के तेज बहाव के कारण इंद्रप्रस्थ के निकट क्षतिग्रस्त हुए ड्रेनेज रेगुलेटर की मरम्मत का काम पूरा कर लिया है। उपराज्यपाल ने ट्वीट किया कि मजदूर कर्मियों, भारतीय सेना के जवानों और अधिकारियों को नमन. उनके अथक प्रयास और परिश्रम से ही विश्व स्वास्थ्य संगठन की इमारत के सामने यमुना का तटबंध किया जा सका और आईटीओ बैराज पर गाद से जाम द्वार को खोला जा सका.

राष्ट्रीय राजधानी में मध्यम बारिश के आसार
राजधानी में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में शहर में मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने कहा कि दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में 13 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

नाले का पानी भर जाने के कारण रिंग रोड पर आवागमन बाधित रहा
दिल्ली में शनिवार को भारी बारिश के बाद हुए जलभराव के कारण कई हिस्सों में यातायात पर असर पड़ा था। यातायात पुलिस के मुताबिक, राजघाट से निजामुद्दीन कैरिजवे तक आईपी फ्लाईओवर के पास नाले का पानी भर जाने के कारण रिंग रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। यातायात पुलिस ने कहा कि यात्रियों को परेशानी से बचने के लिए शांति वन, राजघाट, जेएलएन मार्ग और बीएसजेड मार्ग के रास्ते वैकल्पिक मार्ग लेने की सलाह दी जाती है।

उसने बताया कि राजौरी गार्डन फ्लाईओवर पर एक ट्रक के खराब होने के कारण राजौरी गार्डन से पंजाबी बाग की ओर जाने वाले मार्ग पर रिंग रोड पर यातायात प्रभावित रह सकता है। यातायात पुलिस ने ट्वीट किया कि यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। उसने कि रेलवे पुल के नीचे जलभराव के कारण भैरो मार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ।

Related Articles

Back to top button