झारखण्डराज्य

रांची से लेकर धनबाद तक, झारखंड में जमकर हो रही बारिश, 6 दिनों तक येलो अलर्ट

एक से छह जुलाई तक राजधानी समेत राज्य के कई हिस्सों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया। यह अलर्ट भारतीय मौसम विज्ञान विभाग रांची केंद्र के द्वारा जारी किया गया है। इसके तहत भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

एक जुलाई को पश्चिमी भाग पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, दो जुलाई को उत्तरी-मध्य भाग के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ में भारी बारिश के साथ वज्रपात होने का पूर्वानुमान है। यह स्थिति इन इलाकों में चार जुलाई तक बनी रहेगी। इसके बाद पांच और छह जुलाई को उत्तर-पूर्वी भाग के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज में भारी बारिश व वज्रपात होने की संभावना है।

जून में टूटने लगा झारखंड में बारिश का रिकार्ड
जून माह में हो रही लगातार बारिश झारखंड में अब रिकॉर्ड तोड़ने लगी है। मौसम विभाग रांची के अनुसार, इस बार जून माह में पूरे झारखंड में 348.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि पिछले 11 वर्षों में सर्वाधिक बारिश है। मौसम विभाग के अनुसार, जून माह के दौरान हुई बारिश सामान्य बारिश की तुलना में 84 फीसदी अधिक है। जबकि, जून महीने की सामान्य वर्षा पात 189.5 मिलीमीटर बारिश होने की है। पिछले 24 घंटे के दौरान मानसून सक्रिय रहा है। रांची स्थित कांके 70.4 मिमी, रामगढ़ में 69.6, बोकारो में 59.2, हजारीबाग 42.2 समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई।

इस कारण तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाब का क्षेत्र अगले दो दिनों के दौरान ओडिशा के उत्तरी हिस्से और झारखंड से होते हुए गुजरेगा। इस दौरान अगले पांच दिनों तक झारखंड में अच्छी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। लगातार बारिश होने के कारण राज्य का तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक नीचे चल रहा है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य में सर्वाधिक अधिकतम गोड्डा का 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button