उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड : आग उगल रहा सूरज, ट्रैफिक जाम में तप रहा है पूरा शहर…

उत्तराखंड में मैदान से पहाड़ तक लोग भीषण गर्मी से त्रस्त हैं। मसूरी में दस साल बाद पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। यहां तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 30.5 दर्ज किया गया। इससे पहले 16 जून 2009 को मसूरी में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रिकार्ड किया गया था। वहीं 31 मई के बाद दूसरी बार इस सीजन में दून का तापमान 40 डिग्री से अधिक रिकार्ड किया गया।

पिछले एक सप्ताह से देहरादून, रुड़की, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सूरज आग उगल रहा है। इन चारों शहरों में सोमवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन मैदानी इलाकों में मौसम के रुख में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।

प्रदेश में अभी मानसून आने में करीब 20 दिन शेष हैं। मानसून में आने में आठ दिन का विलंब होने से प्री-मानसून में भी समय लग रहा है। देहरादून व आसपास क्षेत्रों में गरम हवा के थपेड़े बेचैन कर रहे हैं। दिन के 11 बजे के बाद से बाजारों में आवाजाही कम होने लग जाती है। इसके बाद शाम पांच बजे के बाद ही लोग सड़कों पर निकल रहे हैं।

उधर, गांधी पार्क, राजपुर रोड पर जाखन के आसपास पेड़ों की छाया में सैंकड़ों लोग गर्मी से बचने के लिए बैठ रहे हैं। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में ज्यादा राहत नहीं है। उत्तरकाशी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। अल्मोड़ा में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। ताल में भी पारा 28 डिग्री पार होने से दिन के समय गर्मी से सैलानी बेहाल दिखे।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में पहाड़ी क्षेत्र में कहीं-कहीं बारिश एवं ओलावृष्टि की संभावना है। मैदान में मौसम शुष्क रहेगा। देर रात दून व मसूरी में कहीं-कहीं गर्जन वाले बादल विकसित होने के साथ हल्की बारिश होने की उम्मीद है।

ट्रैफिक जाम में सुबह से रात तक तप रहा शहर

देहरादून में सड़कों पर भीषण जाम की स्थिति बन रही है। मसूरी रोड से लेकर हरिद्वार रोड और सहारनपुर चौक से लेकर दिल्ली हाईवे तक में शहर सुबह से रात तक लोग जाम से हलकान हो रहे हैं। हिमाचल व मसूरी से पर्यटकों की वापसी के बीच पर्यटकों की बेहिसाब आवक से भी हालात बेकाबू हुए। स्थिति यह है कि चंद किलोमीटर का सफर तय करने में लोगों को घंटों परेशान होना पड़ रहा है।

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा मार्ग से लेकर हिल स्टेशनों में लग रहा जाम इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। मसूरी में तो पिछले तीन दिन से कई-कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है। हालात यह हैं कि शहर से मसूरी तक 35 किलोमीटर का सफर करने में ही पर्यटकों का दिन गुजर जा रहा है।

Related Articles

Back to top button