एथलेटिक्स में टिंटू लूका ने जीता रजत
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2014/10/tintu-luka.jpg)
इंचियोन। उड़न परी पी.टी. ऊषा की शिष्या टिंटू लूका ने आखिर अपनी प्रतिभा साबित करते हुए इंचियोन एशियाई खेलों के एथलेटिक्स मुकाबलों में बुधवार को महिलाओं की 800 मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया। टिंटू लूका ने एक मिनट 59.19 सेकंड का समय लेकर रजत अपने नाम किया। कजाखिस्तान की मार्गरीटा मुकाशेवा ने अंतिम दस मीटर गजब की तेजी दिखाते हुए टिंटू लूका को पीछे छोड़ा और एक मिनट 59.02 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीत लिया। चीन की जिंग झाओ ने एक मिनट 59.48 सेकंड में कांस्य पदक जीता। भारत की सुषमा देवी दो मिनट 01.92 सेकंड का समय लेकर चौथे स्थान पर रही। टिंटू ने पिछले ग्वांग्झू एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया था लेकिन इस बार वह एक कदम आगे बढ़कर रजत जीतने में कामयाब रही। टिंटू राष्ट्रमंडल खेलों में 11वें स्थान पर रही थी मगर उस निराशाजनक प्रदर्शन की कसक उन्होंने यहां रजत पदक जीतकर दूर कर दी। एजेंसी