![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2014/10/narendra-modi.jpg)
राहुरी (अहमदनगर)। कांग्रेस और राकांपा के अलग होने को स्वांग करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि वे एक साथ ही है और गठबंधन के टूटने का मुद्दा विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं का ध्यान बांटने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है। अहमदनगर जिले में यहां एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस और राकांपा चुनाव से ठीक पहले अलग हुए। लेकिन सभी लोग जानते हैं कि वास्तव में ये दल एक (साथ) ही हैं, ये एक ही कुल के हैं, उनकी प्रकृति और चरित्र समान ही हैं। दोनों के बीच अलगाव की बात स्वांग है जो आपका ध्यान बांटने के उद्देश्य से किया गया है। महाराष्ट्र में पूर्व की कांग्रेस-राकांपा सरकार पर राज्य को भ्रष्टाचार की गर्त में डालने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि अगर इन्होंने सत्ता में अपने 15 वर्षो की अवधि का उपयोग लोगों के उत्थान के लिए किया होता, तब राज्य विकास और कानून व्यवस्था के संदर्भ में काफी आगे होता। प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 वर्षों का समय छोटा नहीं होता है। अगर इनकी सरकार ने इस समय का उपयोग लोगों के उत्थान, किसानों की अत्महत्या को रोकने, कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने, आतंकवादियों को कड़ा दंड देने और युवाओं को रोजगार देने के लिए किया होता, तो महाराष्ट्र आज से काफी आगे होता। एजेंसी