कामकाजी महिलाओं वाला इमोजी चाहता है गूगल

एजेंसी/ मल्टीमीडिया डेस्क। सोशल मीडिया में इमोजी के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए गूगल चाहता है कि इसमें कामकाजी महिलाओं को भी बेहतर प्रतिनिधित्व मिले। इस संबंध में इसने इमोजी का मानकीकरण करने वाली संस्था यूनिकोड कंसोर्टियम के पास अपना प्रस्ताव भेजा है।
गूगल ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा कि हम महिलाओं के व्यवसाय की विविधता और लड़कियों के सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए इमोजी की नई श्रृंखला प्रस्तुत करना चाहते हैं। प्रस्ताव में कहा गया है कि खासतौर से 30 साल से कम उम्र की महिलाएं इमोजी का सबसे ज्यादा इस्तेमाल करती हैं।
यूनिकोड कंसोर्टियम के पास भेजे अपने प्रस्ताव में गूगल ने नए इमोजी के नमूने भी शामिल किए हैं। इनमें कई महिला चरित्रों को लैब कोट, बिजनेस सूट जैसे कारोबारी कपड़ों में दिखाया गया है। गूगल ने यूनिकोड कंसोर्टियम से इस साल के अंत तक नए इमोजी का मानकीकरण कर देने का अनुरोध किया है।