दिल्लीराज्य

दिल्लीः आज खत्म हो सकती है MCD सफाई कर्मचारियों की हड़ताल

हड़ताल खत्म होने के आसार के बीच उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही लोगों को गंदगी से निजात मिलेगी।

16_01_2017-mcdstrike

नई दिल्ली । वेतनमान की मांग को लेकर कई दिनों से चल रही पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) के सफाईकर्मियों की हड़ताल के सोमवार को खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है। हड़ताल में शामिल अधिकतर यूनियन पहले ही अलग हो चुकी हैं।

अब जो यूनियन हड़ताल पर हैं, उनके साथ सोमवार को कमिश्नर की मीटिंग है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसके बाद कर्मचारी काम पर वापस आ जाएंगे। स्टैंडिंग कमिटी के डिप्टी चेयरमैन महेंद्र आहूजा के मुताबिक, 80 फीसद कर्मचारियों को वेतनमान मिल चुका है। बाकी कर्मचारियों का वेतनमान भी एक-दो दिनों में उनके खाते में आ जाएगा।

वहीं, हड़ताल कर रहे कर्मचारियों की एक यूनियन ने कहा है कि 7 फरवरी को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का घेराव किया जाएगा, क्योंकि दिल्ली सरकार को ही चौथे वित्त आयोग की सिफारिशों को लागू करना है, जिससे निगम को फंड मिलेगा। उसी से समस्या का समाधान होगा।

गौरतलब है कि कई दिनों से चल रही हड़ताल के चलते पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में गंदगी का ढेर लग गया है। विकास मार्ग सहित यमुनापार के कई इलाकों में कूड़े के ढेर जमा हैं। ऐसे में लोगों को खासी दिक्कतें हो रही हैं। हड़ताल खत्म होने के आसार के बीच उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही लोगों को गंदगी से निजात मिलेगी।

Related Articles

Back to top button