![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2015/06/accident-sign1.jpg)
बुलंदशहर : कोतवाली देहात क्षेत्र में मंगलवार तड़के गांव भाटगढ़ी के समीप डंपर से टकराने के बाद रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। इनमें 15 घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक फरार हो गया। औरेया डिपो की एक बस औरेया से दिल्ली जा रही थी। बस में करीब 30-35 यात्री सवार थे। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे गांव भाटगढ़ी के पास बस में सामने से आते डंपर से टकरा गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस के यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास गांवों के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना देते हुए घायलों को बस से निकालना शुरू किया। पुलिस ने एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों से 18 घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। अन्य 15 घायलों को भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। अधिकांश घायल औरेया एवं मैनपुरी क्षेत्र के हैं। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।