अन्तर्राष्ट्रीय

ब्रिटेन में भारतीय मूल का व्यक्ति मृत पाया गया

britain deadलंदन। क्रिसमस से पहले ब्रिटेन में लापता हुए 50 साल के एक व्यक्ति का शव एक घर के भूतल (बेसमेंट) में पाया गया। शव वेस्ट मिडलैंडस में मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बर्मिंघम में हारबोर्न के रहने वाले बलजीत सिंह 23 दिसंबर को अपने बेटे के लिए जन्मदिन का केक लेने के लिए घर से निकले थे और लापता हो गए। उनका शव कल वेस्ट मिडलैंडस के रोले रेजिस में बीचेज रोड पर स्थित एक घर में पाया गया। वेस्ट मिडलैंडस पुलिस ने कहा कि सिंह की मौत की जांच कर रहे अधिकारियों ने एक व्यक्ति और एक महिला को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या संबंधी जांच शुरू कर दी है। एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा, 32 साल के एक व्यक्ति और 27 साल की महिला को सिंह के लापता होने के सिलसिले में नववर्ष की पूर्व संध्या पर गिरफ्तार किया गया था, उनसे अब हत्या के संदेह को लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों को तब 50 वर्षीय मृतक की रेंज रोवर कार चुराने के संदेह में बुधवार की शाम को गिरफ्तार किया गया था। दोनों सैंडवेल के रहने वाले हैं।
पुलिस अधिकारी वारेन हाइन्स ने मामले को लेकर लोगों से जानकारी देने की अपील करते हुए कहा, हमारा मानना है कि सिंह 23 दिसंबर को दोपहर से शाम के बीच स्मेथविक हाई स्ट्रीट से लापता हुए और उन्होंने अपनी कार में निकलने से पहले वहां के रेड काउ पब में शराब पी थी। मैं उस दिन दोपहर एक बजे से शाम चार बजे के बीच स्मेथविक हाई स्ट्रीट पर मौजूद किसी भी व्यक्ति से बात करना चाहूंगा जिसने सिंह या उनकी कार को देखा हो। उन्होने कहा, वह जो भी जानकारी देंगे उससे जांच में मदद मिल सकती है। एजेंसी

Related Articles

Back to top button