उत्तर प्रदेशफीचर्डराज्य

भाजपा के छल-प्रपंच में दब गये सपा सरकार के विकास कार्य: डिम्पल

समाजवादी महिला सभा की बैठक

लखनऊ (एजेंसी)। विधानसभा चुनाव में मिली हार और समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच चल रहे शीत युद्ध के बीच अब पार्टी मुखिया अखिलेश यादव की सांसद पत्नी डिम्पल यादव ने आगे बढ़कर अपने पति के कंधे से कंधा मिला लिया है। पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव और मुखिया अखिलेश यादव की गैर मौजूदगी में रविवार को उन्होंने पार्टी की महिला सभा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह और आशायें जगाते हुए कहा कि हमें 2019 के चुनाव में पूरी ताकत लगा देनी है, जिससे अधिक से अधिक सीटें जीती जा सकें।

पार्टी मुख्यालय में हुई इस बैठक में विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार के कारणों पर भी चर्चा हुई। अपने सम्बोधन में श्रीमती डिम्पल यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने शानदार विकास कार्य किए और उसी आधार पर विधानसभा का चुनाव लड़ा गया, परन्तु भाजपा ने जनता को बहकाने-बरगलाने का काम किया। हमारा विकास का मुद्दा उनके छल प्रपंच से दब गया। फिर भी निराश होने की कोई बात नहीं है। लोकतंत्र में हार-जीत होती रहती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सत्ता और विपक्ष दोनों में अपनी भूमिका निभाते रहे है। पार्टी के संघर्षशील नेता फिर सत्ता की वापसी में सफल होंगे। महिलाओं का भी पार्टी को मजबूती देने में योगदान रहा है। किसानों, नौजवानों, महिलाओं आदि के सहयोग एवं संघर्ष से ही समाजवादी पार्टी की सरकार बनी थी। अब जो हमारे संघर्ष में साथ रहेंगे अगली बार सरकार बनने पर उनको ही सम्मान दिया जाएगा।

समाजवादी महिला सभा की बैठक की अध्यक्षता श्रीमती गीता सिंह ने की। बैठक में महिला सभा की प्रदेश कार्यकारिणी, जिला, महानगर अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, महासचिव आदि ने भागीदारी की। इस बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर अखिलेश यादव के कुशल नेतृत्व एवं उनके मुख्यमंत्रित्वकाल में महिलाओं के लिए किए गए कार्यों की सराहना की गई। प्रस्ताव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति पूर्ण नि…ा व्यक्त की गई।

बैठक में पार्टी के सदस्यता अभियान को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। उत्तर प्रदेश में सदस्यता अभियान 15 अप्रैल से 15 जून तक चलेगा। बैठक को नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, अरविन्द सिंह एमएलसी, श्रीमती जूही सिंह सहित महिला सभा की उपाध्यक्ष श्रीमती शीला सिंह, महासचिव श्रीमती विद्या यादव, राजदेवी चौधरी, रचना कोरी एवं आरती पाल आदि ने संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button