‘माननीयों’ से हैं लोगों को बड़ी आशाएं: दीक्षित
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2017/03/हृदय-नारायण-दीक्षित.jpg)
अवध क्षेत्र के मंत्री व विधायकों का हुआ अभिनंदन
लखनऊ (ईएमएस)। उप्र विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड़ विजय के बाद अवध क्षेत्र के विधायकों और मंत्रियों का मंगलवार का स्वागत व अभिनंदन किया। बैठक में सभी नवनिर्वाचित विधायक, मंत्रीगण और अवध क्षेत्र के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रदेश सरकार में मंत्री डा. महेन्द्र सिंह श्रीमती अनुपमा जायसवाल, श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, श्रीमती स्वाति सिंह, मुकुट बिहारी वर्मा, मोहसिन रजा एवं विधायक नीरज बोरा, कुलदीप सिंह सेंगर, अरविन्द गिरि, पंकज गुप्ता, रोमी साहनी, राकेश राठौर, रामकिशन समेत सभी विधायकों का स्वागत अभिनंदन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश मुख्य प्रवक्ता हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि परिश्रम से साधारण से असाधारण बना जा सकता है, पर असाधारण बनके साधारण बने रहना कठिन है। विधायक बनने के बाद कार्यकर्ता और जनता हमारे व्यवहार को बहुत बारीकी से देखती है। ‘माननीय’ होने के बाद भी हम सबका व्यवहार शालीनता पूर्वक हो, लोगों को हमसे बड़ी आशाएं है। श्री दीक्षित ने कहा कि भाजपा की सरकार जनहित के कार्य करेगी जिससे सबका साथ-सबका विकास का नारा क्रियान्वित होगा। हम सभी को मण्डल स्तर पर कमेटी बनानी चाहिए जिसमें जनता की भागेदारी हो और उनके सुझावों के आधार पर जनहित और विकास के कार्य सम्पन्न किये जाये।
अवध क्षेत्र अध्यक्ष मुकुट बिहारी वर्मा ने सभी पदाधिकारियों, विधायकों का स्वागत किया और सभी के साथ मिलकर काम करने को कहा। उन्होंने कहा यह विजय कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकासशील नीतियों की विजय है। हमें बड़ी शालीनता के साथ कार्य करना है और जनता एवं कार्यकर्ताओं के विश्वास पर खरा उतरना है। इस चुनाव में बूथ स्तर के कार्यकर्ता, चुनाव सहायक और सभी पदाधिकारियों ने बड़ी मेहनत की है। यह जीत कार्यकर्ताओं की जीत है। बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश मंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, अवध क्षेत्र संगठन मंत्री ब्रज बहादुर, मोर्चा प्रभारी अशोक तिवारी, प्रदेश मुख्यालय सह प्रभारी अतुल अवस्थी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अतुल दीक्षित आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।