उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

यादव सिंह से कोई सम्बन्ध नहीं : रामगोपाल

ramgopalफिरोजाबाद (एजेंसी)। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने अरबों रुपये के घोटाले के आरोपी नोएडा के पूर्व मुख्य अभियंता यादव सिंह से अपने तथा अपने परिवार के किसी तरह के सम्बन्धों से इनकार करते हुए इस सिलसिले में आयी कुछ मीडिया रपटों को गलत बताया। यादव ने नवगठित सिरसागंज तहसील परिसर के उद्घाटन के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यादव सिंह से सम्बन्धों के बारे में आ रही खबरों पर कहा मेरा या मेरे परिवार का यादव सिंह से कोई सम्बन्ध नहीं है। इस सिलसिले में जो भी चर्चाएं चल रही हैं या जो आरोप लगाये जा रहे हैं वे निराधार हैं। उन्होंने कहा यादव सिंह मामले की सीबीआई जांच चल रही है। जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा।
यादव के बेटे तथा फिरोजाबाद से सांसद अक्षय यादव ने भी यादव सिंह से सम्बन्धों की खबरों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उनका नोएडा के पूर्व मुख्य अभियंता से कोई लेना-देना नहीं है। गौरतलब है कि एक समाचार-पत्र में आज प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के भाई एवं पार्टी के राज्यसभा सदस्य रामगोपाल यादव तथा यादव सिंह के बीच एक मध्यस्थ के जरिये कोई सौदा हुआ था।
प्रदेश की सपा सरकार ने पिछले महीने यादव सिंह भ्रष्टाचार प्रकरण की सीबीआई जांच के इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगाने के लिये उच्चतम न्यायालय में याचिका दाखिल की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था।

Related Articles

Back to top button