
यूपी के कई जिलों में बाढ़ का कहर, लोग पलायन को मजबूर
नेपाल से पानी छोड़े जाने और लगातार हो रही बारिश से अवध के कई जिले सरयू और घाघरा की बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बाराबंकी में बुधवार दोपहर घाघरा का जलस्तर 106.296 रहा जो खतरे के निशान से 22 सेंटीमीटर ऊपर था। बाढ़ की चपेट में सिरौलीगौसपुर तहसील के रायपुर मांझा, नाउनपुरवा, चरपुरवा, बेहटा व रामसनेहीघाट के लोग पलायन को मजबूर हो रहे हैं। खेतों को काटकर अलीनगर-रानीमऊ तटबंध की ओर बढ़ रही घाघरा से बांध के कटान का खतरा भी बढ़ गया है।
फैजाबाद में सरयू/घाघरा ने फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। दो दिन से स्थिर होकर घट रही नदी पिछले 24 घंटे में तेजी से उफान पर है। बुधवार शाम चार बजे तक जलस्तर लाल निशान से मात्र 13 सेंटीमीटर दूर रह गया है। सीतापुर में घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ता ही जा रहा है। रेउसा क्षेत्र के दो और गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इससे 22 गांव बाढ़ के पानी से बुरी तरह से घिरे हुए हैं।