मनोरंजन
श्रीदेवी के बाद इस एक्टर की प्रेयर मीट में भी उमड़ा बॉलीवुड

फिल्मों के अलावा कई सीरियल्स में काम कर चुके एक्टर नरेंद्र झा का 14 मार्च को कार्डियक अरेस्ट की वजह से निधन हो गया था। रविवार को मुंबई में प्रार्थना सभा रखी गई। इस सभा में बॉलीवुड के कई कलाकार पहुंचे और नम आंखों से उन्हें याद किया। 

प्रार्थना सभा मुंबई के जुहू स्थित इस्कॉन कॉम्प्लेक्स में रखी गई थी। जिसमें बॉलीवुड के अलावा टेलीविजन इंडस्ट्री के कई स्टार्स पहुंचे। इसमें आशुतोष गोवारिकर, के के मेनन, रजा मुराद, मोहित रैना, सुशांत सिंह, अमित बहल, नीतू चंद्रा और मनोज जोशी का नाम शामिल हैं।
नरेंद्र झा ने कई सारे ऐसे रोल निभाए जो हमेशा के लिए यादगार बन गए। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। कुछ वक्त पहले ऋतिक रोशन ने ट्वीट करने दिल का हाल बयां किया था। नरेन्द्र झा ऋतिक के साथ ‘काबिल’ फिल्म में नजर आए थे जिसमें इन्होंने दमदार पुलिस इंस्पेक्टर का किरदार निभाया था। निजी जिंदगी की बात करें तो नरेंद्र ने पंकजा को साल 2007 में प्रपोज किया था। 8 साल के रिलेशनशिप के बाद तीन साल पहले शादी की थी।
नरेंद्र झा मुख्य रूप से बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले थे। परिवार से जुड़े सूत्र से मिली जानकारी के मुताबिक, नरेन्द्र झा की मौत वाडा स्थित उनके फार्म हाउस पर 14 मार्च सुबह 5 बजे हुई। फैमिली और दोस्तों के साथ वक्त बिताने के लिए अपने फार्म हाउस पहुंचे थे, जहां यह घटना घटी।
बीते कुछ समय में बॉलीवुड के कई नायाब हीरे हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह गए। जिसमें पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी उसके बाद शम्मी आंटी का नाम शामिल है। अब नरेंद्र झा का जाना बहुत बड़ी क्षति है।