उत्तर प्रदेशफीचर्ड

सपा प्रत्याशियों का पर्चा रद्द होने पर बवाल, 12 पुलिसवाले घायल

bawal-after-rejection-of-nomination-of-sp-candidates-560ef7680a838_exlstयूपी के मऊ में सपा के दो प्रत्याशियों का जिला पंचायत क्षेत्र के रैकवारेडीह से पर्चा खारिज होने के बाद जमकर बवाल हुआ। दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों ने न सिर्फ देर रात हाईवे जाम कर दिया बल्कि जाम हटाने आए पुलिस के एक जवान की राइफल छीन ली। 
पुलिस के लाठीचार्ज करने से स्थिति और बिगड़ गई। समर्थकों की ओर से किए गए पथराव में 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि प्रत्याशी सहित कई अन्य लोगों को भी चोटें आईं।

पुलिस ने तीन नामजद समेत सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिलाधिकारी ने इस घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। पूरे घटनाक्रम से निर्वाचन आयोग को अवगत करा दिया गया है।

समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव श्रीकांत यादव और समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश सचिव धनंजय सिंह ने वार्ड नंबर 33 रैकवारेडीह से पर्चा दाखिल किया था। गुरुवार को उनके पर्चे खारिज हो गए। इसे लेकर प्रत्याशी और उनके समर्थक नाराज हो गए। 

गुरुवार की रात करीब आठ बजे दोनों प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ सरायलखंसी के बढुआ गोदाम नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे बाद मौके पर एसडीएम एसडी सिंह और सीओ सिटी सुशील कुमार पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन भीड़ कुछ सुनने को तैयार नहीं थी।

पुलिस जब दोनों प्रत्याशियों को हटाने लगी तो समर्थकों ने पथराव कर दिया। पुलिस के लाठीचार्ज करने से भीड़ और उग्र हो गई। इसी दौरान लोगों ने एक पुलिसकर्मी की राइफल छीन ली और पुलिस की गाड़ी, लैपर्ड मोबाइल बाइक तथा पुलिस पिकेट तोड़ दिए। पुलिस ने जब लोगों को खदेड़ा तो वे राइफल वहीं फेंककर भाग गए।

समर्थकों के पथराव में पुलिसकर्मी गुलाब सिंह, हरिशंकर, अशोक कुमार सिंह, सरायलखंसी थानाध्यक्ष अरुण कुमार राय, सारहू चौकी प्रभारी नवल किशोर सिंह, राजनारायण राम, दिवाकर, लाल बाबू यादव, शिवशंकर, राजकुमार यादव, अली अख्तर, गुलाब सिंह घायल हो गए। सभी का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। उधर, भीड़ में भी कई लोगों के घायल होने की खबर है।

गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी गुलाब सिंह को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक एसपी उपाध्याय ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना। सरायलखंसी थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह की तहरीर पर धनंजय सिंह, श्रीकांत यादव और शैलेंद्र यादव सहित सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

Related Articles

Back to top button