अपराध
हाईवे पर पड़ा मिला महिला का शव

राजधानी लखनऊ के बीकेटी इलाके में रविवार की सुबह हाईवे पर एक महिला का शव पड़ा मिला। आशंका जतायी जा रही है कि महिला की हत्या की गयी है। फिलहाल महिला के शव की पहचान नहीं हो सकी है। बीकेटी के सीतापुर हाईवे स्थित शाइन सिटी के गेट के पास आज सुबह एक 45 वर्षीय महिला का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव की शिनाख्त करने की कोशिश की पर शिनाख्त नहीं हो सकी। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के शरीर पर कुछ जगह चोट के निशान थे और पास में ही उसकी टूटी हुई चूडिय़ां भी पड़ी थी। महिला के शरीर पर नीले रंग की फूलदार साड़ी व लाल रंग का ब्लाउज मौजूद था। ग्रामीणों का कहना है कि महिला की हत्या कर शव को हाईवे पर फेंका गया है।