स्पोर्ट्स

धोनी ने दिलाई झारखंड को पहली जीत

कोलकाता (ईएमएस)। कप्तान रहे महेन्द्र सिंह धोनी ने विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी टीम झारखंड को पहली बार जीत दिलाई है। धोनी की शानदार पारी की सहायता से झारखंड ने छत्तीसगढ़ को 78 रनों से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की टीम को कठिन हालातों से निकालकर धोनी ने एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।

जब वह बल्लेबाजी करने आये थे तब टीम का स्कोर 14 ओवरों में 43 रनों पर चार विकेट था। इसके बाद धोनी ने केवल 107 गेंदों में 129 रन बनाकर हालात बदल दिये। इस दौरान शाहबाज नदीम के साथ उनकी 151 रनों की शाझेदारी हुई। वहीं नदीम ने 53 रन बनाये। एस गुप्ता के एक ओवर में तो धोनी ने दो छक्के और दो चौके की सहायता से 23 रन बनाये। निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर झारखंड ने 243 रन बनाये। इसके बाद जीत के लिए 244 रनों का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की पूरी टीम 38.4 ओवरों में 165 रनों पर ही सिमट गई।

वरुण ऐरन और शाहबाज नदीम ने 3-3 विकेट लिये जबकि विकास सिंह और राहुल शुक्ला को 1-1 विकेट मिला। छत्तीसगढ़ के कप्तान मोहम्मद कैफ और शुभम अग्रवाल रन आउट हुए। छत्तीसगढ़ की ओर से सबसे ज्यादा 24 रन अभुदय कांत सिंह ने बनाये। मैच के दौरान धोनी की एक झलक पाने के लिए क्रिकेटप्रेमी उमड़ पड़े।

Related Articles

Back to top button