अहंकारी नीतीश को वोट मांगने का अब कोई हक नहीं:मोदी
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2015/10/mdd.jpg)
दस्तक टाइम्स/एजेंसी
बांका। बिहार विधानसभा चुनावों के प्रचार के लिए बांका पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। मोदी ने उन्हें बेहद अहंकारी करार दिया, जिनपर कोई भरोसा नहीं कर सकता और राज्य की किस्मत बदलने के लिए विकासवाद के नाम पर लोगों से राजग को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से मौजूदा सरकार बिहार में बिजली की समस्या हल नहीं कर पायी इसलिए नीतीश को वोट मांगने का अब कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार भरोसे के लायक नहीं है।
उन्होंने कहा ‘’बांका में नक्सलवाद और माओवाद के रास्ते पर गए युवाओं से अपील करता हूं कि हिंसा से कोई समाधान नहीं होता। धरती को खून से रंग के बदलाव नहीं ला सकते। आप कंधे से कंधा मिलाकर आगे आइए और बदलाव में शामिल होइए। आज गांधी जयंती पर मैं ऐसे युवाओं से कहना चाहता हूं हिंसा का रास्ता छोड़ दीजिए। बुलेट पर नहीं बैलेट पर भरोसा कीजिए। चुनाव के दिन मतदान करके भाग्य बदलिए। मुझे उम्मीद है कि इस बार बिहार में जब नतीजे आएंगे तो पूरा बिहार दीवाली मनाएगा। बिहार में चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली रैली थी। उन्होंने कहा कि बिहार ने वंशवाद, सामंतवाद, पूंजीवाद और आतंकवाद तो देख लिया पर अब विकासवाद देखने की बारी है। हर आंदोलन बिहार से ही शुरू होता है। बिहार जब आगे बढ़ेगा तब ही देश की प्रगति संभव है।उन्होंने कहा कि मेरी सरकार का हर कार्यक्रम गरीबों के लिए ही है। इतने सालों में किसी सरकार को गरीबों की बेटी को पढ़ाने की याद नहीं आई। अभी की सरकार ने तीन साल में बिजली देने का वादा किया था क्या दे पाई। मेरी सरकार ने 24 घंटे बिजली पहुंचाने का वादा किया है। साठ साल हो गए किसी सरकार ने गरीबों को रहने के लिए घर नहीं दिया गया। 2022 में हर गरीब के पास अपना घर हो ये बीड़ा हमने उठाया है। विश्व बैंक की रिपोर्ट में बिहार की तुलना मैं झारखंड से करना चाहूंगा। पहले ये दोनों राज्य एक थे। अलग होने के बाद भी झारखंड में सरकार बदली तो कैसा परिवर्तन आया। विश्व बैंक ने पहले सर्वे किया था कि पहले झारखंड का नंबर 29 और बिहार का 27 था। नए सर्वे में झारखंड तीसरे नंबर पर आ गया है। ये बिहार की सरकार है जिसकी वजह से नंबर अभी भी 22वां ही है। निवेश के मामले में झारखंड से भी पिछड़ गया है बिहार।इस बीच सुशील मोदी ने ट्वीट कर के बताया है कि पीएम की सभा को सुनने के लिए अभी से 1.5 लाख लोग पहुंच चुके हैं।