![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2017/08/law-and-order-1.jpg)
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों की खैर नहीं : सुरेश खन्ना
गाजियाबाद: प्रदेश के नगर विकास एवं प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सूबे में नगर निगम व निकायों के 30 नंवबर से पहले चुनाव होंगे। उन्होंने कहा कि संविधान में महापौर व निकाय चेयरमैन व पार्षदों का कार्यकाल नहीं बढ़ाया जा सकता है। विशेष बीतचीत में काबीना मंत्री ने कहा कि आरक्षण व सर्वे और वोट का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, इसलिए सरकार का प्रयास 30 नवंबर से पहले प्रदेश में नगर निगम व निकायों के चुनाव कराए जाएंगे। शुक्रवार को लखनऊ से गाजियाबाद पधारे प्रदेश के नगर विकास मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना सुबह करीब 7 बजे जीटी रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे। मंत्री ने यहां विधायकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान राज्यमंत्री अतुल गर्ग, महापौर आशु वर्मा, विधायक अजितपाल त्यागी, विधायक सुनील शर्मा, मोदीनगर विधायक डा. मंजू सिवाच, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत त्यागी व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मंत्री यहां के बाद आरडीसी स्थित होटल एप्पल ट्री में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बैठकों में खर्च और होटल व शाही खानपान से मंत्रियों से लेकर नेताओं को दूर रहने की नसीहत दे रहे हैं। वहीं मंत्री को आलीशान होटल में भाजपाइयों के साथ बैठक की। करीब एक घंटे चली बैठक में मंत्री ने भाजपाइयों को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का जनता का लाभ दिलाए। बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने बिगड़ती कानून व्यवस्था के सवाल पर कहा कि कानून व्यवस्था खराब करने वालों की जगह जेल में होगी। मंत्री की बैठक से पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा के खिलाफ पत्रकारों ने हंगामा किया।
मंत्री से शिकायत होने पर अजय ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। काबीना मंत्री ने जीडी गोयनका पब्ल्कि स्कूल में छात्र अरमान सहगल की मौत पर कहा कि इसकी मजिस्ट्रेटी जांच शुरू हो गई है। खराब कानून व्यवस्था पर मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि एसएसपी से लेकर अन्य पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी तय करनी होगी। जिलाधिकारी मिनिस्ती एस, एसएसपी हरिनारायण सिंह, एसपी सिटी आकाश तोमर, सीडीओ रमेश रंजन, जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा, नगर आयुक्त चंद्र प्रकाश सिंह, एडीएम प्रशासन ज्ञानेंद्र सिंह, एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल, एडीएम फाइनेंस राजेश यादव, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार दुबे आदि अधिकारियों और अन्य विभागों के साथ बैठक की।