राष्ट्रीय

चिकित्सक के अपहरण मामले में दो भाई गिरफ्तार

नयी दिल्ली : ओला कैब चालक के जरिये एक चिकित्सक के अपहरण में कथित तौर पर शामिल दो भाइयों को उत्तर प्रदेश के मेरठ में गोलीबारी के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को कल सुबह गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस ने इनपर 50 हजार रूपए का इनाम घोषित किया था। उल्लेखनीय है कि पूर्वी दिल्ली के एक अस्पताल के चिकित्सक श्रीकांत गौड़ का छह जुलाई को प्रीत विहार से एक कैब में अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं ने उनके परिजन से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी, जिसके बाद उनके परिजन ने पुलिस को इस बारे में सूचना दी। पुलिस ने इस मामले के चार आरोपियों को 19 जुलाई को गोलीबारी के बाद गिरफ्तार कर लिया था और चिकित्सक को मुक्त करा लिया था।

हालांकि सुशील और उसका भाई अनुज उस समय फरार होने में कामयाब हो गये थे। गुरुवार की शाम को, पुलिस को दोनों भाइयों के मेरठ के दौराला गांव में होने की खुफिया सूचना मिली। इसके बाद पुलिस दल को वहां के लिये रवाना किया गया और इलाके के विशेष कार्यबल से मदद ली गयी। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पुलिस बल के पहुंचने पर आरोपियों ने उन पर गोली चला दी। हालांकि पुलिस ने जवाबी गोलीबारी नहीं की। उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनो को कल सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।

Related Articles

Back to top button