अन्तर्राष्ट्रीयफीचर्ड

जापान में भूकंप से कई मकान ध्वस्त, 30 लोग घायल

japan earthquak  टोक्यो। जापान के मध्य भाग में पहाड़ी इलाके में शक्तिशाली भूकंप आया जिससे आधा दर्जन से अधिक मकान नष्ट हो गए, कई क्षतिग्रस्त हो गए और कम से कम 30 लोग घायल हो गए। मध्य जापान के पहाड़ी इलाके का वह स्की रिजॉर्ट भूकंप से प्रभावित हुआ जहां वर्ष 1998 में शीतकालीन ओलंपिक (विंटर ओलंपिक) का आयोजन हुआ था। जापान की मौसम एजेंसी ने बताया कि शनिवार को नगानो शहर के पास स्थानीय समयानुसार रात करीब 10 बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार एक बजे) 10 किमी (6 मील) की गहराई पर 6.8 तीव्रता का भूकंप आया। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी है। भूकंप के बाद हालांकि सुनामी की कोई संभावना नहीं है। नगानो के पश्चिम में स्थित स्की शहर हकूबा के एक रेस्तरां मालिक रिओ निशिनो ने जापानी प्रसारक एनएचके को बताया कि भूकंप बहुत शक्तिशाली था और इमारतें हिल रही थीं। जापान के परमाणु नियामक प्राधिकरण ने बताया कि प्रभावित इलाके में तीन परमाणु ऊर्जा संयंत्र हैं जहां किसी असामान्य स्थिति की खबर नहीं है। जापान में वर्ष 2011 में 9.0 तीव्रता का भूकंप और फिर विनाशकारी सुनामी आने के बाद से सभी परमाणु संयंत्र बंद हैं। तब फुकुशिमा में दाई-इचाई संयंत्र के तीन रिक्टर पिघल गए थे। शनिवार जिस जगह पर भूकंप आया, फुकुशिमा वहां से करीब 250 किमी उत्तर पूर्व में है। संघीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने आज बताया कि भूकंप के कारण करीब आधा दर्जन से अधिक इमारतें ध्वस्त हो गईं जिससे कम से कम 30 लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जाती है। जापान की सरकार के शीर्ष प्रवक्ता योशिहिदे सुगा ने संवाददाताओं को बताया हम यथाशीघ्र स्थिति का आकलन करने की कोशिश कर रहे हैं। घायलों को भी बचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय एवं राष्ट्रीय आपदा एजेंसियों ने बताया कि भूकंप से हकूबा सर्वाधिक प्रभावित प्रतीत होता है जहां वर्ष 1998 में शीतकालीन ओलंपिक हुए थे। यहां कम से कम सात मकान नष्ट हो गए और कुछ अन्य इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने बताया कि 17 लोग घायल हुए हैं। एजेंसी

Related Articles

Back to top button