अन्तर्राष्ट्रीय

कीव पर हमले की तैयारी! EU ने रूस पर लगाई पाबंदियां, यूक्रेन को मदद का ऐलान

मॉस्को: पिछले 10 माह से जारी रूस-यूक्रेन जंग थमने की बजाए और तेज होते जा रही है। अब यूक्रेन के सेना प्रमुख ने दावा किया है कि राजधानी कीव पर हमला करने के लिए रूस 2 लाख नए सैनिकों को तैयार कर रहा है। उधर, यूरोपीय संघ (EU) ने रूस पर नई पाबंदियां लगा दीं हैं। ईयू ने यूक्रेन की मदद का भी ऐलान किया है।

ईयू ने यूक्रेन में युद्ध के लिए रूस पर दबाव बढ़ाने के लिए गुरुवार को नए प्रतिबंधों की घोषणा की। ईयू ने इसी के साथ यूक्रेन को सहायता राशि देने की भी घोषणा की। 27 देशों के राजदूतों के साथ कई दिनों के विचार-विमर्श के बाद ईयू ने नई पाबंदियों को मंजूरी दी। नई पाबंदियों में रूस के लगभग 200 और लोगों को काली सूची में डाल दिया गया है। रूस के खनन पर प्रतिबंधों के साथ तेल निर्यात पर भी प्राइस कैप लगाया गया है।

जंग अब तक यूक्रेन के पूर्व और दक्षिणी हिस्सों में ही केंद्रित रही है, लेकिन जनरल वैलेरी जालुजनी ने एक ब्रिटिश पत्रिका से चर्चा में आशंका जताई कि रूस कीव को फिर से निशाना बनाएगा। इसके लिए वह दो लाख जवानों की खास टुकड़ी तैयार कर रहा है।

यूक्रेनी सेना के कमांडर-इन-चीफ जालुजनी ने आशंका जताई है कि नए साल 2023 के शुरुआती महीनों में रूस कीव पर नए सिरे से हमला कर सकता है। रूस लगभग 200,000 नए सैनिकों को तैयार कर रहा है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह कीव पर एक बार फिर चढ़ाई करेगा। द इकॉनामिस्ट से चर्चा में यूक्रेन के जनरल ने कहा कि इसे देखते हुए हमें तैयारी करना होगी। अगले कुछ माहों के लिए रिजर्व सैनिक व सैन्य सामग्री का भंडार तैयार करना होगा।

Related Articles

Back to top button