अन्तर्राष्ट्रीय

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, शेख हसीना की पार्टी के 30 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल; 12 दुकानों में तोड़फोड़ के बाद आगजनी

ढाका: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में उनकी पार्टी आवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में 30 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। वहीं, इलाके में कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ किए जाने की भी खबर है।

बताया जा रहा है कि आवामी लीग के कार्यकर्ता शेख हसीना के समर्थन में रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान उन पर देसी बम फेंके गए। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया है। उनके स्वदेश लौटने की घोषणा के बाद से ही आवामी लीग के सदस्यों और पार्टी से जुड़ी गतिविधियों को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। गौरतलब है कि बांग्लादेश में आवामी लीग और उसकी राजनीतिक गतिविधियों पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है।

गोपालगंज में 12 दुकानों में तोड़फोड़, फूलों की दुकानें भी निशाने पर

बांग्लादेश के गोपालगंज में 12 दुकानों में तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है। क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित फूलों की दुकानों पर भी हमला किया गया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, लॉन्च घाट इलाके से आवामी लीग का जुलूस निकलने के बाद विवाद शुरू हुआ।

गोपालगंज से सामने आए एक वीडियो में मस्जिद के लाउडस्पीकर बजने के बाद लोगों को सड़कों पर उतरते और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) का विरोध करते देखा जा सकता है। इलाके में हिंसा और तनाव के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

नाहिद इस्लाम ने भारत के खिलाफ दिया बयान, राजनीतिक एकजुटता की अपील

गोपालगंज पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का गृह जिला है। यहां के कोतालीपाड़ा इलाके में हिंसा हुई है। इस बीच, सोमवार को बांग्लादेश की नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने भारत के खिलाफ बयान दिया था। उन्होंने प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बाद कथित भारतीय वर्चस्व का मुकाबला करने के लिए राजनीतिक दलों से एकजुट होने की अपील की थी।

नाहिद इस्लाम का यह बयान ऐसे समय आया है, जब शेख हसीना की आवामी लीग अपनी जमीनी मौजूदगी और राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश कर रही है। सत्ता से बेदखल होने के बाद शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया है। इसके बाद से आवामी लीग के समर्थक उनके समर्थन में रैलियां निकाल रहे हैं। इन गतिविधियों के बीच देश में राजनीतिक तनाव और हिंसा की घटनाएं बढ़ती दिखाई दे रही हैं।

प्रतिबंध के बावजूद सक्रिय है आवामी लीग का नेटवर्क

आवामी लीग और उसकी राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध के बावजूद पार्टी समर्थकों के सड़कों पर उतरने से सरकार के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन मामलों में सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया है।

रविवार को गाजीपुर के टोंगी इलाके से आवामी लीग की पूर्व छात्र नेता तानिया अख्तर तपोशी को भी गिरफ्तार किए जाने की खबर है। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं और राजनीतिक गतिविधियों ने बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था तथा राजनीतिक स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button