अद्धयात्मजीवनशैली

छठ महापर्व 2026 का समापन, देशभर के घाटों पर उमड़े श्रद्धालु; उगते सूर्य को अर्घ्य देकर खोला 36 घंटे का निर्जला व्रत

नई दिल्ली: चार दिनों तक चले लोकआस्था के महापर्व छठ का सोमवार सुबह समापन हो गया। सूर्योदय से पहले ही देशभर के नदी घाटों, तालाबों और अस्थायी पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। व्रती हाथ जोड़कर सूर्य देव के उदय होने का इंतजार करते नजर आए। जैसे ही सूरज की पहली किरण दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पूजा की थालियों में फल, पारंपरिक पकवान और ठेकुआ सजाए गए थे। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व पूरा हुआ। इसके बाद व्रतियों ने करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास खोलकर पारण किया।

दिल्ली से बिहार और उत्तर प्रदेश से झारखंड तक छठ पूजा की रौनक देखने को मिली। महिलाएं और पुरुष सुबह होने से पहले ही पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंच गए थे। दउरे में फल, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक पकवान रखे गए थे। परिवार के सदस्यों ने भी पूजा में हिस्सा लिया और छठी मैया तथा सूर्य देव से सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की। कई जगह घाटों को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था। लोकगीतों के बीच पूजा संपन्न हुई। व्रत पूरा होने के बाद घरों में प्रसाद बांटा गया और लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

दिल्ली-NCR के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

राजधानी दिल्ली में यमुना किनारे बने घाटों और अलग-अलग इलाकों के पूजा स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। कालिंदी कुंज घाट पर बड़ी संख्या में व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं, ग्रेटर कैलाश के कालकाजी DDA फ्लैट्स पार्क में भी छठ पूजा के समापन पर विशेष आयोजन किया गया।

गाजियाबाद में घाटों की सजावट और लेजर लाइट लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को सुबह 4:30 बजे से ही सेवाएं शुरू कर दी थीं। आम दिनों में मेट्रो का संचालन सुबह 6 बजे से शुरू होता है। शुरुआती समय में सभी लाइनों पर 15 मिनट के अंतराल से ट्रेनें चलाई गईं।

बिहार में गंगा घाटों से सूर्यकुंड तक दिखी आस्था

छठ पर्व के लिए खास पहचान रखने वाले बिहार में सुबह से ही घाटों पर उत्सव का माहौल रहा। पटना में गंगा किनारे बड़ी संख्या में व्रतियों ने पूजा-अर्चना की। गया के प्राचीन सूर्यकुंड में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मधेपुरा और रोहतास समेत कई जिलों में छठ पूजा संपन्न हुई।

समस्तीपुर में क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की मां ने भी उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। यहां मिथिला पेंटिंग से सजे एक घाट ने लोगों का ध्यान खींचा। वहीं, मुजफ्फरपुर की केंद्रीय जेल में 98 कैदियों ने भी सूर्य देव को अर्घ्य देकर छठ की परंपरा निभाई।

वाराणसी से अयोध्या तक घाटों पर छाई रौनक

उत्तर प्रदेश में भी छठ पूजा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। वाराणसी के गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जबकि अयोध्या में सरयू नदी के किनारे व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। सहारनपुर में भी महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा की।

उत्तराखंड के हरिद्वार में बिहार और पूर्वांचल से आए लोगों ने श्रद्धा के साथ पर्व मनाया। जोशीमठ में ठंड और बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा। गांधी मैदान में भी पारंपरिक तरीके से पूजा की गई। राजस्थान के उदयपुर और पाली के साथ ही महाराष्ट्र के जालना में भी छठ पर्व का समापन सूर्य देव को अर्घ्य देने के साथ हुआ।

नहाय-खाय से शुरू हुआ था चार दिवसीय महापर्व

चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। दूसरे दिन 14 नवंबर को व्रतियों ने खरना किया। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ। रविवार शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रत पूरा हुआ। इसके बाद व्रतियों ने पारण कर प्रसाद ग्रहण किया।

छठ पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा का विशेष महत्व है। व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार की खुशहाली और संतान के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। यह पर्व प्रकृति के प्रति आभार जताने के साथ स्वच्छता और अनुशासन की परंपरा से भी जुड़ा है। ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद इस महापर्व की खास पहचान हैं।

Related Articles

Back to top button