अद्धयात्म

तुलसी विवाह 2026: 20 या 21 नवंबर को मनाया जाएगा पर्व? जानिए सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा की पूरी विधि

नई दिल्ली: कार्तिक मास में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व होता है। इस दिन घरों और मंदिरों में तुलसी माता का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों से कराया जाता है। महिलाएं तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाती हैं और विवाह की सभी रस्में निभाती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है और वैवाहिक जीवन में खुशहाली बनी रहती है।

साल 2026 में तुलसी विवाह की तारीख को लेकर लोगों के बीच असमंजस है। इसकी मुख्य वजह देवउठनी एकादशी और द्वादशी तिथि का अलग-अलग दिनों में पड़ना है। देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर को रखा जाएगा, जबकि द्वादशी तिथि 21 नवंबर की सुबह शुरू होगी। ऐसे में पंचांग के अनुसार, इस साल तुलसी विवाह 21 नवंबर को मनाया जाएगा।

21 नवंबर को होगा तुलसी विवाह, जानें तिथि

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह कराने की परंपरा है। वर्ष 2026 में द्वादशी तिथि 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट तक रहेगी।

उदयातिथि के नियम के अनुसार, तुलसी विवाह 21 नवंबर 2026, शनिवार को मनाया जाएगा। वहीं, देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा। दोनों पर्वों की अलग-अलग तारीख होने के कारण श्रद्धालुओं के बीच 20 और 21 नवंबर को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

तुलसी विवाह 2026 का शुभ मुहूर्त

तुलसी विवाह के लिए शाम का समय विशेष रूप से शुभ माना जाता है। पंचांग के अनुसार, 21 नवंबर को गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। इस दौरान तुलसी माता और भगवान शालिग्राम की पूजा करके विवाह की रस्में संपन्न कराई जा सकती हैं।

कैसे करें तुलसी विवाह की पूजा? जानें पूरी विधि

तुलसी विवाह के दिन सुबह सबसे पहले घर और पूजा स्थल की अच्छी तरह साफ-सफाई करें। शाम के समय तुलसी के पौधे को लाल चुनरी या साड़ी से सजाएं। इसके बाद पौधे के पास गन्ने की सहायता से छोटा मंडप तैयार करें।

भगवान शालिग्राम को पीले वस्त्र पहनाकर तुलसी के पौधे के पास स्थापित करें। पूजा के दौरान रोली, चंदन, हल्दी, अक्षत, फूल और फल अर्पित करें। तुलसी माता को चूड़ियां, चुनरी और अन्य सुहाग की सामग्री चढ़ाएं।

इसके बाद भगवान शालिग्राम और तुलसी माता का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराएं। इस दौरान परिवार के सदस्य मंगल गीत गा सकते हैं। विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद आरती करें और परिवार के सदस्यों तथा अन्य लोगों को प्रसाद वितरित करें।

तुलसी विवाह के लिए पूजा सामग्री की पूरी सूची

तुलसी विवाह की पूजा के लिए पहले से सभी जरूरी सामग्री एकत्रित कर लेनी चाहिए। इसके लिए तुलसी का पौधा, भगवान शालिग्राम, लाल चुनरी या साड़ी और पीले वस्त्र रखें। मंडप तैयार करने के लिए गन्ने और सजावट की सामग्री की जरूरत होगी। इसके अलावा रोली, चंदन, हल्दी, अक्षत, फूल, फल, मिठाई, धूप, दीपक, चूड़ियां, सुहाग की सामग्री, नारियल, पान और सुपारी भी पूजा के लिए रख लें।

Related Articles

Back to top button