मेरठ के नौचंदी मैदान में एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने जनसभा को संबोधित किया
ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव वहां जा रहे हैं जहां पर हमारे बुजुर्गों ने 400 साल नमाज पढ़ी।
मेरठ। मेरठ के ऐतिहासिक नौचंदी मैदान में एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में ओवैसी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव वहां जा रहे हैं जहां पर हमारे बुजुर्गों ने 400 साल नमाज पढ़ी। उन्होंने अयोध्या का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा सहारनपुर में मस्जिद तोड़ी गई, अखिलेश यादव मगर वहां नहीं गए। जबकि चंद्रशेखर नमाज को लेकर मुस्लिमों के साथ खड़े हैं।
भीड़ देख गदगद हुए ओवैसी
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने नौचंदी मैदान में जनसभा की। उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला। ओवैसी ने कहा कि एक अखिलेश यादव हैं, जो सहारनपुर में मस्जिद शहीद होने और श्रावस्ती व बहराइच में मदरसे तोड़े जाने पर खामोश हैं वो वहां नहीं गए। लेकिन अब वहां जाने को कह रहे हैं, जहां हमारे बुजुर्गों ने 400 साल नमाज पढ़ी। दूसरी तरफ, सांसद चंद्रशेखर आजाद हैं, जो ईद की नमाज से रोके जाने पर मुस्लिमों के लिए खड़े होते हैं और लोग नमाज अदा करते हैं। अब जनता को तय करना है कि उन्हें अखिलेश यादव चाहिए या फिर चंद्रशेखर आजाद।
आसपा गठबंधन के बाद पहली रैली
आजाद समाज पार्टी (आसपा) से गठबंधन के बाद प्रदेश में अपनी इस पहली रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि हम किसी के सामने सिर नहीं झुकाएंगे। मुसलमान अब दरी नहीं बिछाएंगा। उन्हें उम्मीद है कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा से सूबे के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर आजाद बनेंगे। ओवैसी ने कहा कि अगर कांग्रेस और सपा चाह लें तो वे भी उनके गठबंधन में शामिल हो सकते हैं। ओवैसी ने बताया कि किसी इमरजेंसी की वजह से चंद्रशेखर आजाद रैली में नहीं पहुंच सके हैं। उनकी जगह भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह रैली में पहुंचे और भाषण दिया।



